Pancreatic Cance: भारत में पैंक्रियाटिक कैंसर यानी अग्नाशय का कैंसर भले ही दूसरे कई कैंसरों की तुलना में कम पाया जाता हो, लेकिन इससे होने वाली मौतों की संख्या चिंता बढ़ाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह बीमारी का देर से पता चलना है। शुरुआती चरण में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, जिसके कारण मरीज अक्सर इन्हें गैस, एसिडिटी या सामान्य पेट दर्द समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। जब तक बीमारी की पहचान होती है, तब तक कैंसर कई बार आसपास के अंगों या बड़ी रक्त वाहिकाओं तक फैल चुका होता है।
आकाश सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. अरुण कुमार गिरी के अनुसार, अब 30 से 40 वर्ष की उम्र के लोगों में भी पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे मरीज भी हैं जिन्हें न तो धूम्रपान की आदत रही है और न ही लंबे समय से डायबिटीज की समस्या।

भारत में पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले और मौतें
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारत में हर साल लगभग 10 हजार से 14 हजार नए पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले सामने आते हैं। पुरुषों में प्रति एक लाख आबादी पर इसकी दर 0.5 से 2.4 और महिलाओं में 0.2 से 1.8 बताई जाती है। हालांकि, मामले कम होने के बावजूद कैंसर से होने वाली मौतों के लिहाज से यह बीमारी गंभीर चुनौती बनी हुई है।
इसकी एक बड़ी वजह यह है कि अधिकतर मरीजों में कैंसर का पता तब चलता है, जब ट्यूमर ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति में नहीं रहता। विशेषज्ञों के अनुसार, केवल करीब 15 से 20 प्रतिशत मरीजों में ही सर्जरी संभव हो पाती है। ऐसे मामलों में व्हिपल प्रोसीजर या अग्न्याशय के प्रभावित हिस्से को निकालने जैसी सर्जरी की जाती है। दूसरी ओर, जिन मरीजों में ऑपरेशन संभव नहीं होता, उनके इलाज में कीमोथेरेपी, रेडिएशन, टारगेटेड थेरेपी और पैलिएटिव केयर की मदद ली जाती है।
युवाओं में क्यों बढ़ रही है चिंता?
पहले पैंक्रियाटिक कैंसर को मुख्य रूप से अधिक उम्र के लोगों से जुड़ी बीमारी माना जाता था। लेकिन अब 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों में भी इसके मामले सामने आने की चर्चा बढ़ी है। भारत में युवाओं से जुड़े इसके सटीक आंकड़े अभी सीमित हैं, लेकिन बड़े कैंसर केंद्रों में कम उम्र के मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी, धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, अत्यधिक शराब और क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस जैसे कारक इस बीमारी के जोखिम से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इन जोखिम कारकों के बिना भी किसी व्यक्ति को पैंक्रियाटिक कैंसर हो सकता है।
पैंक्रियाटिक कैंसर के शुरुआती लक्षण
पैंक्रियाज पेट के अंदर, स्टमक के पीछे स्थित होता है। इसकी गहरी स्थिति के कारण शुरुआती ट्यूमर का पता लगाना आसान नहीं होता। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य पाचन संबंधी परेशानियों जैसे दिखाई दे सकते हैं।
इन संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है:
- पेट के ऊपरी हिस्से या पीठ में लगातार दर्द
- पेट फूलना और अपच
- भूख कम लगना
- बिना वजह वजन घटना
- लगातार थकान और कमजोरी
- आंखों और त्वचा का पीला पड़ना
- पेशाब का गहरा रंग और मल का हल्का होना
- त्वचा में खुजली
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
पीलिया, गहरे रंग का पेशाब और हल्के रंग का मल पित्त नली में रुकावट का संकेत हो सकते हैं। इसी तरह अचानक डायबिटीज होना या पहले से मौजूद डायबिटीज का अचानक नियंत्रण से बाहर हो जाना भी चिकित्सकीय जांच की जरूरत पैदा करता है। इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को कैंसर ही है। इनके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। लेकिन अगर परेशानी लगातार बनी रहे या बिना स्पष्ट वजह के वजन कम हो रहा हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

किन लोगों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए?
जिन लोगों को लंबे समय से क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस है, परिवार में पैंक्रियाटिक कैंसर का इतिहास रहा है या जो लंबे समय से तंबाकू और अत्यधिक शराब का सेवन करते हैं, उन्हें अपने स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
आंवला नवमी कल: जानें पूजा विधि, शुभ महत्व और धार्मिक मान्यताएं
लाल मिर्च की जगह क्यों खानी चाहिए हरी मिर्च? डॉ. शुभम ने बताए गजब के फायदे
वैश्विक मुस्लिम प्रभावशाली सूची में भारत का दबदबा, ओवैसी समेत कई बड़ी हस्तियों को मिली जगह

