Indore: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का इंदौर में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट एक बार फिर विवादों में आ गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) के निर्देशों के बावजूद दिलजीत ने कार्यक्रम में अपना चर्चित गाना ‘पटियाला पैग’ गाया। इसको लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। अधिकारी का कहना है कि मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पुराने आदेश का अध्ययन करने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
चार गानों को लेकर जारी किए गए थे निर्देश
दरअसल, इंदौर जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनीश सिन्हा ने एक शिकायत के आधार पर छह नवंबर को स्थानीय आयोजन स्थल के प्रबंधक को पत्र जारी किया था। इसमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में चार गाने नहीं गाने के निर्देश दिए गए थे। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इन गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हिंसा को बढ़ावा देने वाली बातें हैं। ऐसे गीतों का बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसी आधार पर कार्यक्रम में इन गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे।
इंस्टाग्राम पर वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
कॉन्सर्ट के बाद दिलजीत दोसांझ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक प्रशंसक द्वारा बनाया गया वीडियो साझा किया। इस वीडियो में वह मंच पर ‘पटियाला पैग’ गाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम में जारी निर्देशों की अनदेखी किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे। इस मामले पर DCPO रजनीश सिन्हा ने बताया कि उन्हें चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर चार गानों को लेकर निर्देश जारी किए गए थे।
हाई कोर्ट के आदेश की मांगी गई कॉपी
DCPO रजनीश सिन्हा के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला दिया था। अब उन्होंने शिकायतकर्ता से उस फैसले की प्रति उपलब्ध कराने को कहा है।
ये भी पढें
आंवला नवमी कल: जानें पूजा विधि, शुभ महत्व और धार्मिक मान्यताएं
सिन्हा ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश का अध्ययन करने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लाइव कॉन्सर्ट जैसे कार्यक्रमों में किसी गायक के खास गाने पर रोक लगाने के संबंध में क्या कानूनी स्थिति है। इसके बाद ही तय किया जाएगा कि दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में किसी आदेश की अनदेखी का मामला बनता है या नहीं। जरूरत पड़ने पर पंजाब के संबंधित जिला बाल संरक्षण अधिकारी को भी पत्र लिखा जा सकता है।
पाबंदियों पर दिलजीत ने जताई थी नाराजगी
इंदौर में रविवार रात हुए कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने गानों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि तमाम पाबंदियों और धमकियों के बावजूद वह अपना वादा निभाने और प्रस्तुति देने पहुंचे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा, ‘यह नहीं गाना, वह नहीं गाना, यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते।’ उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर भी पढ़ा- ‘हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है… सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है।’
बम की धमकियों के कारण भी चर्चा में रहा कार्यक्रम
दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट आयोजन से पहले भी सुर्खियों में रहा था। कार्यक्रम को लेकर बम विस्फोट की धमकी वाले ई-मेल भेजे गए थे। ये ई-मेल मेयर कार्यालय, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को भेजे गए थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन धमकियों को फर्जी बताया था।
2019 में हाई कोर्ट ने दिया था यह निर्देश
गौरतलब है कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने 22 जुलाई 2019 को पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशकों को निर्देश दिए थे कि शराब, मादक पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने किसी भी कार्यक्रम या लाइव शो में नहीं बजाए जाने चाहिए।
अदालत ने ऐसे गानों के बच्चों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को लेकर चिंता जताई थी। इसी आदेश का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता ने दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में चार गानों पर रोक लगाने की मांग की थी। अब इस मामले में हाई कोर्ट के फैसले की प्रति और उसके कानूनी पहलुओं का अध्ययन किए जाने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
लाल मिर्च की जगह क्यों खानी चाहिए हरी मिर्च? डॉ. शुभम ने बताए गजब के फायदे
आंवला नवमी कल: जानें पूजा विधि, शुभ महत्व और धार्मिक मान्यताएं
धोनी का IPL से संन्यास! CSK में बनेंगे मेंटर
