लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को दिन में तीन बजे उनके पैतृक गांव इटावा जिले के सैफई में किया जायेगा। SP की ओर से सोमवार को यादव के निधन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए यह जानकारी दी गयी। पार्टी की ओर से ट्वीट कर बताया गया, कि आदरणीय नेताजी का आज दिनांक 10 अक्टूबर 2022 को सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।
उनके पार्थिव शरीर को सैफई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11 अक्टूबर 2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा। गौरतलब है कि लंबी बीमारी के बाद यादव का आज सुबह निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और पिछले करीब डेढ़ महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यादव के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक प्रकट करते हुए पूरे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है। (वार्ता)