हल्दी भारतीय रसोई का ऐसा मसाला है, जो केवल स्वाद ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है। सदियों से आयुर्वेद में हल्दी का उपयोग औषधि के रूप में किया जाता रहा है। आज के समय में जब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी तेजी से बढ़ रही है, तब लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या हल्दी कैंसर में फायदेमंद होती है और इसका सही इस्तेमाल कैसे किया जाए। आयुर्वेदिक विशेषज्ञ और आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, हल्दी में मौजूद प्राकृतिक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करते हैं। हालांकि यह स्पष्ट समझना जरूरी है कि हल्दी कैंसर का इलाज नहीं है, बल्कि यह उपचार को सपोर्ट करने वाला प्राकृतिक उपाय है।
ये भी पढ़े
राजस्थानी मेथी मसाला बाटी: देसी घी में डूबी ये खास रेसिपी बना देगी खाने को यादगार
हल्दी में क्या है खास?
हल्दी का सबसे महत्वपूर्ण तत्व करक्यूमिन (Curcumin) होता है। यही तत्व हल्दी को इसके औषधीय गुण देता है। करक्यूमिन में एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो शरीर में कोशिकाओं को नुकसान से बचाने का काम करते हैं।
कैंसर में हल्दी कैसे मदद करती है?
आयुर्वेद और आधुनिक रिसर्च के अनुसार, करक्यूमिन कैंसर कोशिकाओं की असामान्य वृद्धि को धीमा करने में सहायक हो सकता है। कैंसर के दौरान शरीर में सूजन की समस्या आम होती है, जिसे हल्दी कम करने में मदद करती है।
इसके अलावा कीमोथेरेपी के दौरान शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को भी हल्दी कुछ हद तक कम कर सकती है और इम्युनिटी को सपोर्ट करती है।
ये भी पढ़े
हल्दी का सही इस्तेमाल कैसे करें?
हल्दी का पूरा लाभ तभी मिलता है जब इसका सही तरीके से सेवन किया जाए।
1. काली मिर्च के साथ : हल्दी में मौजूद करक्यूमिन शरीर में आसानी से अवशोषित नहीं होता। काली मिर्च में पाया जाने वाला पाइपेरिन इसे अवशोषित करने में मदद करता है।
2. वसा के साथ सेवन : हल्दी फैट-सॉल्युबल होती है, यानी इसे घी, दूध या नारियल तेल के साथ लेने से इसका असर बढ़ जाता है।
3. हल्दी वाला दूध : रात में सोने से पहले आधा चम्मच हल्दी और एक चुटकी काली मिर्च गुनगुने दूध में मिलाकर पीना एक पारंपरिक और प्रभावी तरीका माना जाता है।
किन बातों का रखें ध्यान?
हल्दी का अत्यधिक सेवन पेट की समस्या पैदा कर सकता है।
कई दवाओं के साथ हल्दी की प्रतिक्रिया हो सकती है, इसलिए कैंसर मरीज बिना डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन न करें।
हमेशा यह याद रखें कि हल्दी इलाज का विकल्प नहीं, बल्कि सहायक उपाय है।
