SCO की बैठक में शिरकत लिए मोदी जिस समरकंद गए हैं, वहां दफ़न है तैमूरलंग,

रंजन कुमार सिंह


नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में हिस्सा लेने के लिए उज़्बेकिस्तान के समरकंद शहर पहुंचे हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ भी वहाँ मौजूद हैं। सम्मेलन को लेकर भारत में सबसे ज़्यादा कयास इस बात पर लग रहे हैं। कि वहाँ प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति के बीच अलग से मुलाक़ात होती है या नहीं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच अप्रैल 2020 में एलएसी पर हुई तनातनी के बाद से ये पहला मौक़ा है जब मोदी और जिनपिंग एक साथ किसी सम्मेलन में आमने-सामने होंगे। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि PM मोदी की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्ज़ियोयेव (President Shavkat Mirziyoyev)  से अलग से मुलाक़ात होगी। मगर चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग से अलग से मुलाक़ात होने के बारे में अभी कुछ भी निश्चित नहीं है। शंघाई सहयोग संगठन या SCO का गठन 2001 में छह देशों ने मिलकर किया था। तब चीन और रूस के अलावा मध्य एशिया के चार देश कज़ाक़स्तान, किर्गिज़स्तान, उज़्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान इसके सदस्य थे।

संगठन का पहली बार 2017 में विस्तार किया गया, और भारत और पाकिस्तान को शामिल किया गया। अब ईरान भी SCO का सदस्य बनने जा रहा है। उज़्बेकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन पहले भी तीन बार हो चुके हैं, मगर ये तीनों सम्मेलन राजधानी ताशकंद में हुए थे। इस साल उज़्बेकिस्तान में पहली बार SCO की शिखर बैठक समरकंद में हो रही है। समरकंद एक ऐतिहासिक शहर है।

 समरकंद इतिहास के पन्नों का एक अहम हिस्सा है

एक खूनी योद्धा के तौर मशहूर हुए तैमूर या तैमूरलंग का जन्म समरकंद में ही हुआ था। अगर इतिहास के महान योद्धाओं और विजेताओं के बारे में सोचें तो चंगेज़ ख़ान और सिकंदर महान के नाम याद आते हैं। लेकिन अगर आप मध्य एशियाई और मुस्लिम देशों के बारे में थोड़ा बहुत भी जानते होंगे तो ये सूची तैमूरलंग के बिना पूरी नहीं होगी। तैमूरलंग का जन्म समरकंद में 1336 में हुआ था। ये इलाका अब उजबेकिस्तान के नाम से मशहूर है। कई मायनों में तैमूरलंग सिकंदर महान और चंगेज़ ख़ान से कहीं ज्यादा चमकदार शख्सियत के मालिक थे। तैमूरलंग इतिहास में एक खूनी योद्धा के तौर पर मशहूर हुए। 14वीं  शताब्दी में उन्होंने युद्ध के मैदान में कई देशों की जीता। कहते हैं कि तैमूरलंग को अपने दुश्मनों के सिर काटकर जमा करने का शौक था।

तैमूरलंग: इस्लाम की तलवार, विश्व विजेता’ के लेखक जस्टिन मारोज्जी  के मुताबिक वह जमाना ऐसा था कि यु्द्ध बाहुबल से लड़ा जाता था, बम और बंदूकों के सहारे नहीं। ऐसे में तैमूरलंग की उपलब्धि किसी को भी अचरज में डाल सकती है।

तैमूरलंग मामूली चोर

हालांकि सिकंदर की तरह तैमूरलंग का जन्म किसी राजपरिवार में नहीं, बल्कि एक साधारण परिवार में हुआ था। तैमूरलंग को एक मामूली चोर बताया जाता है। जो मध्य एशिया के मैदानों और पहाड़ियों से भेड़ों की चोरी किया करता था।  चंगेज़ ख़ान की तरह तैमूरलंग के पास कोई सिपाही भी नहीं था। लेकिन उन्होंने आम झगड़ालू लोगों की मदद से एक बेहतरीन सेना बना ली जो किसी अचरज से कम नहीं था। 1402 में जब तैमूरलंग ने सुल्तान बायाजिद प्रथम के खिलाफ युद्ध मैदान में पैर रखा तो उनके पास भारी भरकम सेना थी जिसमें आर्मीनिया से अफ़ग़ानिस्तान और समरकंद से लेकर सर्बिया तक के सैनिक शामिल थे। तैमूरलंग अपने जीवन में इन मुश्किलों से पार पाने में कामयाब रहे लेकिन सबसे हैरानी वाली बात यह है कि वे विकलांग थे। आपको भले यकीन नहीं हो लेकिन हकीकत यही है कि उनके शरीर का दायां हिस्सा पूरी तरह से दुरुस्त नहीं था।

हादसे में हुआ विकलांग

जन्म के समय उनका नाम तैमूर रखा गया था। तैमूर का मतलब लोहा होता है। आगे चलकर लोग उन्हें फारसी में मजाक मजाक में तैमूर-ए-लंग (लंगड़ा तैमूर) कहने लगे। इस मजाक की शुरुआत भी तब हुई जब युवावस्था में उनके शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह घायल हो गया था। इसके बाद यही नाम बिगड़ते बिगड़ते तैमूरलंग हो गया। लेकिन तैमूरलंग के सफ़र में उनकी शारीरिक विकलांगता आड़े नहीं आई, जबकि वह जमाना ऐसा था जब राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए शारीरिक सौष्ठव भी जरूरी था। युवा तैमूरलंग के बारे में कहा जाता है कि वह महज एक हाथ से तलवार पकड़ सकते थे। ऐसे में ये समझ से बाहर है कि तैमूरलंग ने खुद को हाथ से हाथ की लड़ाई और घुड़सवारी और तीरंदाज़ी के लायक कैसे बनाया होगा। इस बात के पुख्ता प्रमाण हैं कि तैमूरलंग बुरी तरह घायल होने के बाद विकलांग हो गए थे। हालांकि इस बात पर अनिश्चितता जरूर है कि उनके साथ क्या हादसा हुआ था।

वैसे अनुमान यह है कि यह हादसा 1363 के करीब हुआ था। तब तैमूरलंग भाड़े के मजदूर के तौर पर खुर्शान में पड़ने वाले खानों में काम कर रहे थे, दक्षिण पश्चिम अफगानिस्तान में स्थित इस हिस्से को आजकल मौत का रेगिस्तान कहा जाता है। एक अन्य स्रोत- लगभग शत्रुता वाला भाव रखने वाले 15वीं शताब्दी के सीरियाई इतिहासकार इब्ने अरब शाह के मुताबिक एक भेड़ चराने वाले चरवाहा ने भेड़ चुराते हुए तैमूरलंग को अपने तीर से घायल कर दिया था। चरवाहे का एक तीर तैमूर के कंधे पर लगा था और दूसरा तीर कूल्हे पर। सीरियाई इतिहासकार ने तिरस्कारपूर्ण अंदाज में लिखा है, “पूरी तरह से घायल होने से तैमूरलंग की गरीबी बढ़ गई। उसकी दुष्टता भी बढ़ी और रोष भी बढ़ता गया।”

स्पेनिश राजदूत क्लेविजो ने 1404 में समरकंद का दौरा किया था। उन्होंने लिखा है कि सिस्तान के घुड़सवारों का सामना करते हुए तैमूरलंग घायल हुए थे।  उनके मुताबिक, “दुश्मनों ने तैमूरलंग को घोड़े से गिरा दिया और उनके दाहिने पैर को जख्मी कर दिया, इसके चलते वह जीवन भर लंगड़ाते रहे, बाद में उनका दाहिना हाथ भी जख्मी हो गया। उन्होंने अपने हाथ की दो उंगलियां गंवाई थी। सोवियत पुरातत्वविदों का एक दल जिसका नेतृत्व मिखाइल गेरिसिमोव कर रहे थे, ने 1941 में समरकंद स्थित तैमूरलंग के खूबसूरत मक़बरे को खुदवाया था और पाया कि वे लंगड़े थे लेकिन 5 फुट 7 इंच का उनका शरीर कसा हुआ था। उनका दाहिना पैर, जहां जांघ की हड्डी और घुटने मिलते हैं, वह जख्मी था। इसके चलते उनका दाहिना पैर बाएं पैर के मुकाबले छोटा था। यही वजह है कि उनका नाम ‘लंगड़ा’ तैमूर पड़ गया था।

विकलांगता नहीं बनी बाधा

चलते समय उन्हें अपने दाहिने पांव को घसीटना पड़ता था। इसके अलावा उनका बायां कंधा दाएं कंधे के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा ऊंचा था। उनके दाहिने हाथ और कोहनी भी बाद में ज़ख्मी हो गए। बावजूद इसके 14वीं शताब्दी के उनके दुश्मन जिनमें तुर्की, बगदाद और सीरिया के शासक शामिल थे, उनका मजाक उड़ाते थे लेकिन युद्ध में तैमूरलंग को हरा पाना मजाक उड़ाने जितना आसान कभी नहीं रहा। तैमूरलंग के कट्टर आलोचक रहे अरबशाह ने भी माना है कि तैमूरलंग में ताकत और साहस कूट कूट कर भरा हुआ था और उन्हें देखकर दूसरों में भय और आदेश पालन का भाव मन में आता था।

कभी नहीं हुई हार

18वीं शताब्दी के इतिहासकार एडवर्ड गिब्बन ने भी तैमूरलंग की काफी प्रशंसा की है। गिब्बन के मुताबिक तैमूरलंग की सैन्य काबलियत को कभी स्वीकार नहीं किया गया। गिब्बन ने लिखा है, “जिन देशों पर उन्होंने अपनी विजय पताका फहराई, वहां भी जाने अनजाने में तैमूरलंग के जन्म, उनके चरित्र, व्यक्तित्व और यहां तक कि उनके नाम तैमूरलंग के बारे में भी झूठी कहानियां प्रचारित हुईं। गिब्बन ने आगे लिखा है, ” लेकिन वास्तविकता में वह एक योद्धा थे, जो एक किसान से एशिया के सिंहासन पर काबिज हुआ। विकलांगता ने उनके रवैये और हौसले को प्रभावित नहीं किया। उन्होंने अपनी दुर्बलताओं पर भी विजय प्राप्त कर ली थी।जब तैमूरलंग का 1405 में निधन हुआ था, तब चीन के राजा मिंग के ख़िलाफ युद्ध के लिए वे रास्ते में थे। तब तक वे 35 साल तक युद्ध के मैदान में लगातार जीत हासिल करते रहे। अपनी शारीरिक दुर्बलताओं से पार पा कर विश्व विजेता बनने का ऐसा दूसरा उदाहरण नजर नहीं आता।

International

श्रीलंका में पूर्वी प्रांत के जरूरतमंद परिवारों की मदद

नई दिल्ली। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा द्वीप देश के पूर्वी प्रांत के दौरे पर हैं, जहां वह जमीनी स्तर पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जान रहे हैं और अलग-अलग स्थानों का दौरा करते हुए जरूरतमंद परिवारों को सूखा राशन वितरित कर रहे हैं। झा गुरुवार को […]

Read More
International

भारत ने फिजी को सौंपी 1 करोड़ रुपये की चिकित्सा आपूर्ति

सुवा। भारत ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के अपने प्रमुख साझेदारों में से एक फिजी के स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग किया है। फिजी की राजधानी सुवा में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय उच्चायुक्त पी. एस. कार्तिगेयन ने फिजी के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रातू एटोनियो लालबालावु को कई महत्वपूर्ण दवाओं वाली एक चिकित्सा खेप सौंपी। […]

Read More
homeslider Sports Uncategorized

Don’t Worry… प्ले ऑफ में अभी भी पहुंच सकती है RCB

एकतरफा मैच में SRH को RCB ने चटाया धूल, धराशायी हो गई टीम कोहली, पाटीदार और ग्रीन ने खेली शानदार पारी बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई सनराइजर्स हैदराबाद नई दिल्ली। दुनिया के सबसे धांसू बल्लेबाज और भारतीय रन मशीन विराट कोहली की टीम को हारते हुए देखकर सब कोई कह रहा था कि […]

Read More