चंडीगढ। वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन यूथ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मनोज गौतम ने हरियाणा सरकार में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कमलेश डांडा से भेंट कर ब्राह्मण समाज के कल्याण पर चर्चा की है। उन्होंने मंत्री से सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों के आत्म निर्भर भारत के निर्माण के लिए विप्र समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी सरकारी योजनाओं से जोडना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज आत्म निर्भर व सशक्त भारत के निर्माण में बडी भूमिका निभा रहा है। समाज के जो बच्चे मेधावी हैं पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं उन्हे अगर सरकार की मदद मिलेगी तो वे प्रदेश और देश की विकास में क्रान्तिकारी योगदान दे सकते हैं। श्री गौतम ने कहा कि ब्राह्मण समाज के लोग देश और दुनिया के कल्याण की भावना रखते हैं तथा उसी दिशा में निस्वार्थ भाव से कार्य भी करते हैं। समाज ने हमेशा से ही देश हित को पहले रखा है।
उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में तकनीक के विस्तार के बाद समाज की भूमिका भी तेजी से बदली है। ऐसे समय में लोगों को अपनी परम्पराओं व संस्कार से जोडे रखते हुए आगे बढना एक बडी चुनौती है। समाज के लोग इस दिशा में कार्य कर रहे हैं और महिलाओं की इसमे बडी भूमिका है। बच्चों को संस्कारित कर उन्हें देश व समाज के गौरव व परम्पराओं से रुबरू कराने में उनका अहम योगदान होता है। इसलिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है। (BNE)