Devutthani Ekadashi उत्तराभाद्रपद नक्षत्र ने बढ़ाया एकादशी का महत्व, मिलेगा अनंत पुण्य फल
देवउठनी एकादशी पर जागेंगे भगवान विष्णु, तुलसी विवाह से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी यानी देवोत्थान एकादशी इस बार विशेष धार्मिक संयोग के साथ मनाई जा रही है। गुरुवार दोपहर दो बजकर 30 मिनट के बाद एकादशी तिथि का आरंभ हो चुका है, जो शुक्रवार 20 नवंबर को दोपहर एक बजकर 54 मिनट तक रहेगी। 21 नवंबर को एकादशी सर्वमान्य बताई गई है। इसे प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस बार उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के संयोग ने इस तिथि का धार्मिक महत्व और बढ़ा दिया है।
धार्मिक मान्यताओं और पुराणों के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर उत्तराभाद्रपद नक्षत्र का संयोग अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। वराह पुराण में इस विशेष संयोग का उल्लेख करते हुए कहा गया है- “उत्तराभाद्रसंयोगे अनन्ता सा प्रकीर्तिता”। इसका अर्थ है कि उत्तराभाद्रपद नक्षत्र से युक्त एकादशी अनंता कहलाती है। इस दिन व्रत और भगवान विष्णु की आराधना करने से साधक को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
ये भी पढें
बागेश्वर धाम में बढ़ाई गई सुरक्षा, धीरेंद्र शास्त्री की कृष्ण पर टिप्पणी से मचा बवाल
हजार अश्वमेध यज्ञ के बराबर पुण्य की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रबोधिनी एकादशी का व्रत हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञों के बराबर पुण्य फल देने वाला माना गया है। इस बार उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के विशेष संयोग के कारण इसका महत्व और बढ़ गया है। श्रद्धालु इस दिन उपवास रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करते हैं।
व्रत और रात्रि जागरण से पापों से मुक्ति
मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा, व्रत और रात्रि जागरण करने से जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने वाले साधकों को भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और अंत में विष्णुलोक यानी मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
ये भी पढें
सिर्फ लुक्स नहीं, हेल्थ भी सुधारते हैं कटे हुए बाल और नाखून! जानिए कैसे…
पितरों की उत्तम गति के लिए भी विशेष
देवोत्थान एकादशी का महत्व केवल व्रत करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत और पूजा करने से पितरों को भी उत्तम गति प्राप्त होती है। माना जाता है कि इस एकादशी का पुण्य परिवार और पितरों के कल्याण का माध्यम बनता है।
चार महीने की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी पर वे योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग खुलता है। इस दिन तुलसी-शालिग्राम विवाह, पूजन और दीपदान का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु घरों और मंदिरों में दीप जलाकर भगवान विष्णु का स्वागत करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि इस दिन तुलसी-शालिग्राम की पूजा और दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी का वास बना रहता है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
