AC Companies Stocks: तांबे की कीमतों में आई भारी गिरावट का असर अब शेयर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। कॉपर की कीमतों में नरमी से एयर कंडीशनर (AC) बनाने वाली कंपनियों की उत्पादन लागत घटने और मुनाफे का मार्जिन बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है। इसी संभावना के चलते निवेशकों ने AC कंपनियों के शेयरों में जमकर खरीदारी की। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को Voltas, Blue Star और PG Electroplast के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली।
टाटा ग्रुप की कंपनी Voltas के शेयरों में करीब 10 फीसदी की तेजी आई और इसका भाव 1,240 रुपये के पार पहुंच गया। वहीं, Blue Star के शेयरों में भी लगभग 10 फीसदी की उछाल दर्ज की गई। BSE पर इसका शेयर 1,765 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया। इसके अलावा, एयर कंडीशनर के कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी PG Electroplast के शेयर भी करीब छह फीसदी चढ़कर 571 रुपये के स्तर पर पहुंच गए।
तांबे की कीमतों में गिरावट बनी तेजी की वजह
दरअसल, तांबा एयर कंडीशनर बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख कच्चा माल है। AC की मैन्युफैक्चरिंग में कॉपर का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉइल और अन्य जरूरी कंपोनेंट तैयार करने में होता है। ऐसे में तांबे की कीमतों में गिरावट से कंपनियों की उत्पादन लागत कम हो सकती है। इससे कंपनियों के ऑपरेटिंग मार्जिन और मुनाफे में सुधार की संभावना बनती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कॉपर की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) में तांबे के बेंचमार्क वायदा अनुबंध बुधवार को सात अप्रैल के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। अप्रैल 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से वैश्विक टैरिफ की घोषणा के बाद आई गिरावट के बाद यह तांबे की कीमतों में सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट मानी जा रही है।

क्यों गिर रही हैं तांबे की कीमतें?
तांबे की कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर में मजबूती मानी जा रही है। इसके अलावा, चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं ने भी कॉपर की कीमतों पर दबाव बनाया है। चीन का रियल एस्टेट सेक्टर लंबे समय से सुस्ती का सामना कर रहा है। इससे कंस्ट्रक्शन और औद्योगिक गतिविधियों में मांग कमजोर रहने की आशंका है।
गौरतलब है कि तांबे का इस्तेमाल भवन निर्माण, बिजली के तार, इलेक्ट्रिकल उपकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों में बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में चीन जैसे बड़े उपभोक्ता देश में मांग घटने की आशंका का असर इसकी कीमतों पर पड़ता है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने भी भविष्य में तांबे की मांग को लेकर निवेशकों की चिंताएं बढ़ाई हैं।
एक महीने में Voltas के शेयर 17% चढ़े
AC कंपनियों के शेयरों का हाल देखें तो पिछले एक महीने में इनमें अच्छी तेजी दर्ज की गई है। Voltas के शेयर एक सप्ताह में करीब सात फीसदी और एक महीने में लगभग 17 फीसदी चढ़ चुके हैं। इसी तरह Blue Star के शेयरों में एक सप्ताह के दौरान आठ फीसदी और एक महीने में करीब नौ फीसदी की तेजी आई है। वहीं, PG Electroplast के शेयर भी एक महीने में लगभग 12 फीसदी मजबूत हुए हैं।

Voltas के मुनाफे में 51.4% की बढ़ोतरी
Voltas के वित्तीय नतीजे भी कंपनी के लिए सकारात्मक रहे हैं। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 51.4 फीसदी बढ़कर 47.71 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 31.5 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस दौरान कंपनी की परिचालन आय 15.3 फीसदी बढ़कर 2,706.57 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2,347.32 करोड़ रुपये थी।
ये भी पढें
कंपनी का कुल खर्च भी सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 2,622.05 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी की कुल आय 13.85 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2,746.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। कुल मिलाकर, कॉपर की कीमतों में गिरावट ने AC कंपनियों के लिए लागत घटने की उम्मीद पैदा की है। हालांकि, कच्चे माल की कीमतों में बदलाव का वास्तविक असर कंपनियों के मुनाफे पर उनकी खरीद लागत, इन्वेंट्री और अन्य खर्चों के आधार पर दिखाई देगा। इसलिए निवेशकों के लिए शेयरों में तेजी के साथ कंपनियों के आगामी नतीजों और मार्जिन पर भी नजर रखना जरूरी होगा।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
जया किशोरी की पांच अनमोल सीख, जो बदल देंगी जिंदगी का नजरिया
बच्चे की मौत पर योगी का सपा पर हमला
सोनपुर मेले की तैयारियां तेज, 22 नवंबर से आगाज
