Chhatarpur: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी के बाद विवाद गहरा गया। शुक्रवार को अखिल भारतीय यादव महासभा के सदस्यों और धीरेंद्र शास्त्री के समर्थकों के बीच आमना-सामना होने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। विवाद के दौरान समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और शुक्रवार को ही तनाव समाप्त हो गया था। छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित बागेश्वर धाम के आसपास शनिवार को पुलिसकर्मियों की तैनाती देखने को मिली। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि धाम के आसपास सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल मौजूद है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की तैनाती को शुक्रवार को हुए विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों का जिक्र करते हुए उनकी मुद्राओं की तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि भगवान राम सीधे खड़े होते हैं, जबकि भगवान कृष्ण तीन जगह से झुके हुए दिखाई देते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की इस विशेष मुद्रा को ‘त्रिभंगी’ कहा जाता है। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान कृष्ण की बांसुरी और वृंदावन का भी उल्लेख किया था।
साथ ही अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की थी। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने नाराजगी जताई। आपत्ति जताने वालों का कहना था कि भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों समान रूप से पूजनीय हैं। ऐसे में दोनों के स्वरूपों की तुलना करना उचित नहीं है। इसे लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों में विरोध बढ़ने लगा।
ये भी पढें
छठ पूजा आस्था और प्रकृति संरक्षण का पर्व: डॉ. निशांत त्रिपाठी
सफाई के बावजूद नहीं थमा विरोध
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच कोई अंतर नहीं है। यदि उनकी टिप्पणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। हालांकि, उनकी सफाई के बावजूद अखिल भारतीय यादव महासभा ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया।
संगठन का आरोप था कि टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज का अपमान हुआ है। इसी के विरोध में संगठन के करीब 300 से 400 सदस्य इलाके में पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को छतरपुर रेलवे स्टेशन के पास ही रोक दिया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। प्रदर्शन और विरोध के चलते इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
समर्थकों ने NH-39 पर लगाया जाम
दूसरी ओर, बागेश्वर धाम के समर्थकों ने छतरपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर बृजपुरा के पास चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 को जाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है।
100 से ज्यादा लोग हिरासत में, बाद में सभी रिहा
अतिरिक्त कलेक्टर विनय द्विवेदी ने बताया कि विवाद के दौरान 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में सभी को छोड़ दिया गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल बागेश्वर धाम और आसपास के इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि धार्मिक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद आगे न बढ़े और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
एक ही दिन में चार भूकंप से दहले जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, 3.9 रही सबसे अधिक तीव्रता
जनगणना का आया पैगाम, घर बैठे दर्ज करें अपना नाम
फोन टैपिंग पर राहुल कानून की मदद लेंगे या फिर करेंगे सियासत
सआदतगंज: कलयुगी मौलाना को चढ़ा इश्क का बुखार
