
Dandakaranya: राम के वनवास को हम कथा समझते हैं, पर वाल्मीकि उसे भूगोल की तरह लिखते हैं। नदी का नाम, पर्वत की दिशा, आश्रम से आश्रम की दूरी – सब दिया है। यदि हम उसे केवल भक्ति-भाव से नहीं, प्रमाण-भाव से पढ़ें, तो दण्डकारण्य केवल वन नहीं, भारत के हृदय का इतिहास बन जाता है। यह कथा कपोल-कल्पना नहीं, वाल्मीकि रामायण के उत्तरकाण्ड, सर्ग 79 से 82 में विस्तार से है।
श्लोक है:
राजा दण्ड इति ख्यातः इक्ष्वाकु कुल-नन्दनः।
विन्ध्य-शैवलयोर्मध्ये राज्यं प्राप्यव्यजायत।।
शुक्राचार्य का श्रापहै:
सप्तरात्रेण ते राज्यं भस्मीभूतं भविष्यति।
स-राजा स-बलः स-वाहनः योजनानां शतं समन्तात्।।
अर्थात् सात रात में तेरा राज्य सौ योजन तक भस्म होकर वन बन जाएगा। सौ योजन यानी 400 मील अर्थात लगभग 1200 किलोमीटर का घेरा – जो आज के दण्डकारण्य के विस्तार से मिलता है।
अरण्यकाण्ड में जब राम चित्रकूट छोड़ते हैं तो मार्ग क्रम दिया है: चित्रकूट – अत्रि आश्रम – शरभंग आश्रम -सुतीक्ष्ण आश्रम -अगस्त्य आश्रम और अंत में पंचवटी। यह क्रम आज के मानचित्र पर भी बिल्कुल बैठता है – चित्रकूट (उ.प्र.-म.प्र. सीमा) से सतना, फिर रामटेक (महाराष्ट्र), फिर नासिक की ओर। यह कोई काल्पनिक उड़ान नहीं, एक पैदल यात्रा का रूट-मैप है। आधुनिक संदर्भों में 1870 के सेंट्रल प्रोविंसेज गजेटियर में इस पूरे पठारी वन क्षेत्र को “Dandak Forest Tract – approx 19,000 sq miles” लिखा गया है। 19,000 वर्ग मील अर्थात लगभग 31,000 वर्ग किलोमीटर।
भारतीय भू-सर्वेक्षण (Geological Survey of India) के अनुसार इस क्षेत्र की मिट्टी को ‘दंडकारण्य संरचना’ कहा जाता है। जिसमें लौह-अयस्क (Iron Ore) से भरी बैलाडिला की पहाड़ियाँ, बस्तर का पठार और गोदावरी बेसिन शामिल है। यह वह भूमि है जहाँ नर्मदा और गोदावरी – दोनों के उद्गम हैं। वाल्मीकि बार-बार लिखते हैं – “गोदावरी तट पर पंचवटी”। आज भी पंचवटी नासिक में गोदावरी के तट पर है। स्थान बदला नहीं। राक्षसों के सांस्कृतिक और पुरातात्विक प्रमाण यहाँ सबसे बड़ा भ्रम है। अमरकोश में ‘राक्षस’ का अर्थ है – “रक्षति इति राक्षसः” नहीं, बल्कि “रक्षा का भंग करने वाला”। अरण्यकाण्ड, सर्ग नौ में ऋषि राम से कहते हैं:
रक्षांसि भक्षयन्ति स्म तपस्विनः।
उत्सादयन्ति यज्ञान् च।
वे तपस्वियों को खाते नहीं, यज्ञ को नष्ट करते थे। यज्ञ यानी उस समय की कृषि, विज्ञान और सामूहिक जीवन-पद्धति सामने होती थी। छत्तीसगढ़ के बस्तर में आज भी कई जनजातियों में ‘राक्षस’ शब्द कुल-नाम के रूप में मिलता है। नृवंश विज्ञानी वेरियर एल्विन ने 1940 में लिखा था कि बस्तर की कई गुफाओं में जो नर-बलि और मांस-भक्षण के प्रमाण मिलते हैं, वे रामायण-कालीन राक्षस-संस्कृति से मिलते-जुलते हैं। राम ने उन्हें मारा नहीं, उनकी हिंसक परम्परा को रोका। शूर्पणखा प्रसंग इसी सांस्कृतिक टकराव का चरम है।

पंचवटी का जीवंत प्रमाण
नासिक में आज भी पाँच वट-वृक्षों का वह स्थान है जिसे वाल्मीकि ने कहा था – “पंचवट्यां वटैः पंचभिः”। अगस्त्य ऋषि ने राम को कहा था – “गोदावरी के उत्तर में दो कोस पर पाँच वटों का समूह है, वहीं रहो।” आज भी वहाँ से गोदावरी दो कोस (लगभग छह किमी) पर ही है। सीता-गुफा, तपोवन, रामकुंड – ये नाम पर्यटन विभाग ने नहीं, सैकड़ों वर्ष से लोक-श्रुति ने बचाए हैं।

वनवास का अर्थ
दण्डकारण्य को केवल एक वन क्षेत्र मानना उसके व्यापक सांस्कृतिक महत्व को सीमित कर देना होगा। राम की वनयात्रा को तीन स्तरों पर समझा जा सकता है।
पहली है भौगोलिक यात्रा: यह अयोध्या की राजसत्ता से निकलकर मध्य भारत और दक्षिण के विस्तृत वन क्षेत्रों तक पहुंचने की यात्रा है।
दूसरी है सांस्कृतिक यात्रा: इसमें ऋषि परंपरा, वनवासी जीवन, विभिन्न सामाजिक समूहों और धार्मिक मान्यताओं के बीच संवाद और संघर्ष के प्रसंग सामने आते हैं।
तीसरी है आध्यात्मिक यात्रा: यह राजकुमार राम के त्याग, संयम, कर्तव्य और मर्यादा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्श तक पहुंचने की यात्रा है।
राम ने उस श्रापित वन को, जो एक राजा के काम के कारण उजड़ा था, अपने त्याग से फिर से पवित्र कर दिया।आज जब हमारा अपना देश फिर से अनेक दण्डों के अहंकार से दण्डकारण्य बन रहा है – जहाँ ज्ञान का यज्ञ भंग हो रहा है, तो हमें फिर से उसी राम की आवश्यकता है जो वन में जाकर भी सभ्यता को बचाए। वन राम को नहीं बनाता, राम वन को बनाते हैं।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
फरेंदा में मंत्री संजय निषाद का बड़ा सियासी ऐलान
11% की तेजी के बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निवेशकों के डूबे पांच लाख करोड़
‘दक्षिण’ दिवस का संकल्प- ग्लोबल साउथ के विकास का सच्चा साथी भारत
