Share Market Fall: घरेलू शेयर बाजार में पिछले कई दिनों से जारी तेजी पर आखिरकार ब्रेक लग गया। रिकॉर्ड तेजी के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के दौरान BSE सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा लुढ़क गया, जबकि NSE निफ्टी भी 200 अंकों से अधिक गिरकर 25,200 के स्तर से नीचे पहुंच गया। बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों की करीब पांच लाख करोड़ रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई।
दरअसल, पिछले सत्र में सेंसेक्स करीब नौ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इस महीने अब तक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 11 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। हालांकि, बुधवार को मुनाफावसूली और वैश्विक स्तर पर बढ़ती चिंताओं ने बाजार की तेजी पर लगाम लगा दी। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 250 करीब एक फीसदी तक टूट गए।
टाइटन के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन का शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहा और इसमें करीब पांच फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, TCS, इटरनल, इन्फोसिस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी करीब दो फीसदी तक गिरावट आई। हालांकि, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 फीसदी टूटकर 82,031.81 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 159.45 अंक यानी 0.63 फीसदी की गिरावट के साथ 25,227.95 के स्तर पर आ गया।

स्पाइसजेट के शेयर में अपर सर्किट
बाजार में चौतरफा बिकवाली के बीच स्पाइसजेट के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर अपर सर्किट में पहुंच गया। दरअसल, कंपनी के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। इसके साथ ही ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल को 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई है। पिछले कारोबारी सत्र में 9.50 रुपये पर बंद हुआ स्पाइसजेट का शेयर बुधवार को बढ़कर 9.97 रुपये पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में गिरावट के चार बड़े कारण
MTF लिमिट पर सेबी के संभावित नियम
बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह सेबी की ओर से मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के नियमों की समीक्षा को माना जा रहा है। सेबी चेयरमैन तुहीन कांत पांडे ने कहा है कि बाजार नियामक MTF की लिमिट को शेयरों के फ्री फ्लोट से जोड़ने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। MTF के तहत निवेशक ब्रोकर से फंड लेकर शेयरों में निवेश करते हैं। ऐसे में नियमों में संभावित बदलाव की खबर से बाजार में सतर्कता बढ़ी है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव
पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। अमेरिका ने ईरान पर हमले किए हैं और इसे ईरानी हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया है। इस घटनाक्रम से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने की आशंका है। भारत अपनी जरूरत का करीब 90 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है। ऐसे में तेल महंगा होने से देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ सकता है।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर चिंता
अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंताओं के बीच फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों पर सख्त रुख अपनाने की आशंका है। सेंट लुइस फेड के अध्यक्ष अल्बर्टो मुसेलेम ने संकेत दिया है कि यदि महंगाई नियंत्रण में नहीं आती है तो आने वाले महीनों में ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी से विदेशी निवेशकों का रुझान भारतीय बाजार से कम हो सकता है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार पर भी पड़ने की आशंका है।

भारी तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली
शेयर बाजार में गिरावट की एक अहम वजह मुनाफावसूली भी रही। इस महीने सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 11 फीसदी की तेजी आ चुकी थी। ऐसे में ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने अपने शेयर बेचकर मुनाफा निकालना शुरू कर दिया। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, बाजार में तेज उछाल के बाद करेक्शन आना स्वाभाविक है। हालांकि, उनका मानना है कि फिलहाल बाजार में तेजी का रुझान पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और गिरावट ज्यादा लंबी चलने की संभावना कम हो सकती है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
IND vs NZ: टेस्ट सीरीज में तहलका मचाएंगे भारत के ये पांच धुरंधर
रानी लक्ष्मीबाई जयंती कल, जानें वीरांगना की कहानी
राम के बाद अब कृष्ण पर सियासत तेज, 2027 में मथुरा बनेगा यूपी चुनाव का बड़ा मुद्दा?
ग्रीन एनर्जी की दिशा में टाटा स्टील का बड़ा कदम, गैस से बनेगी हाइड्रोजन
