Lucknow: छठ महापर्व के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर जंक्शन पर व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री गौरव अग्रवाल ने डोमिनगढ़ स्टेशन और गोरखपुर जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
DRM श्री अग्रवाल ने गोरखपुर जंक्शन के प्रवेश द्वार संख्या-1 एवं 5, यात्री होल्डिंग एरिया-01, 01ए एवं 02, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 9 तथा कैब-वे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने फुट ओवरब्रिज, यात्रियों के आवागमन के लिए निर्धारित रास्तों, सीमांकन और बैरिकेडिंग व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने निर्देश दिया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित मार्गों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए, ताकि यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
निरीक्षण के दौरान DRM ने प्लेटफॉर्म संख्या-9 स्थित TTE रनिंग रूम का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने रेलकर्मियों को उपलब्ध आवासीय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली और कर्मचारी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्टेशन पर ही किया रात्रि विश्राम, यात्रियों से लिया फीडबैक
DRM श्री अग्रवाल सोमवार देर शाम गोरखपुर जंक्शन पहुंचे थे। भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने और उनकी निगरानी के लिए उन्होंने स्टेशन पर ही रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने यात्री होल्डिंग एरिया में लगाए गए ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, शुद्ध पेयजल, सहायता बूथ, मोबाइल UTS, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, कूलर, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। मोबाइल UTS के माध्यम से यात्रियों को बिना लंबी कतार में लगे अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की सुविधा की भी जानकारी ली। इसके अलावा स्टेशन स्थित वॉर रूम का निरीक्षण कर प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की संख्या और भीड़ प्रबंधन की निगरानी के लिए अपनाई जा रही व्यवस्था को देखा।
ये भी पढें
गोरखपुर जंक्शन पर बनाए गए पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया
उल्लेखनीय है कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए गोरखपुर जंक्शन पर कुल पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें प्लेटफॉर्म संख्या-1 एवं 2 की ओर चार और प्लेटफॉर्म संख्या-9 की ओर एक यात्री आश्रय स्थल शामिल है। इन सभी स्थानों पर जर्मन हैंगर शेड, सहायता डेस्क, मोबाइल UTS, ट्रेन संबंधी जानकारी के लिए LED स्क्रीन, उद्घोषणा प्रणाली, चिकित्सा बूथ, पेयजल, प्रसाधन, मोबाइल चार्जिंग और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है।
CCTV से निगरानी, विशेष जैकेट से होगी कर्मचारियों की पहचान
यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशन पर RPF और GRP के जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ के बीच यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने वाले कर्मचारियों की आसानी से पहचान हो सके, इसके लिए विशेष कलर कोडिंग व्यवस्था लागू की गई है। वाणिज्य विभाग, RPF और GRP के कर्मचारियों को नारंगी रंग की, जबकि अन्य यात्री सहायता कर्मचारियों को हरे रंग की ल्यूमिनस जैकेट दी गई हैं।
महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाने और मेगा माइक के माध्यम से जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए भी कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नियमित ट्रेनों के साथ विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। इससे पहले DRM ने डोमिनगढ़ स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पैनल रूम, रेल परिचालन की संरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के अंत में DRM ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM), स्टेशन निदेशक गोरखपुर जंक्शन श्री रतनदीप गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
QUAD बैठक से पहले PM मोदी का तिरंगे के प्रति सम्मान, ट्रंप ने पीठ थपथपाकर की तारीफ
PM2.5 से मिलेगी राहत, लेकिन जहरीली हवा से नहीं बचाएगा एयर प्यूरीफायर
