Dr. VP Singh: चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के प्रख्यात चिकित्सक एवं क्लीनिकल हीमैटोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अहमदाबाद में आयोजित हीमैटोकान 2026 के वार्षिक सम्मेलन में उन्हें हीमैटोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल काशी बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है।
प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व निदेशक, पूर्व रेक्टर और मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। चिकित्सा और शोध के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
दो वर्षों में तीन राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर बनाया रिकॉर्ड
प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह की उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले दो वर्षों में तीन राष्ट्रीय स्तर के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्राप्त करने वाले वह पहले व्यक्ति बताए जा रहे हैं। इससे पहले उन्हें दिल्ली में आयोजित चिकित्सकों के राष्ट्रीय सम्मेलन एपीकॉन-24 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2024 में यूपी हीमैटोलॉजी के प्रथम सम्मेलन में भी उन्हें इसी प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया था। अब हीमैटोकान 2026 में मिला यह सम्मान उनके चिकित्सा क्षेत्र में दशकों से किए जा रहे कार्यों की एक और बड़ी पहचान है।
85 वर्ष की उम्र में भी दे रहे हैं चिकित्सा सेवाएं
खास बात यह है कि 85 वर्ष की उम्र में भी प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह नियमित रूप से मरीजों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह वर्तमान में सूर्या मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में क्लीनिकल हीमैटोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही समाज और चिकित्सा जगत को अपने अनुभव और मार्गदर्शन से लाभान्वित कर रहे हैं। हीमैटोलॉजी के क्षेत्र में उनके शोध और योगदान को विशेष रूप से सराहा जाता है। हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारी पर उनका शोध चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्तमान में वह हीमोफीलिया सोसाइटी वाराणसी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
ये भी पढें
डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया चिकित्सा जगत के लिए गौरव
डॉ. वीपी सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने पर मऊ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा जगत में प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह का योगदान बेहद सराहनीय और उत्कृष्ट रहा है। उनके साथ काम करना हमेशा सुखद अनुभव रहा है। डॉ. सिंह सरल स्वभाव के व्यक्ति होने के साथ-साथ असाधारण प्रतिभा के धनी हैं। हीमोफीलिया रोग पर उनका शोध चिकित्सा विज्ञान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
चिकित्सा जगत की हस्तियों ने दी बधाई
प्रोफेसर डॉ. वीपी सिंह की इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में चिकित्सा विभाग के पूर्व डीन एवं पद्मश्री सम्मानित प्रोफेसर श्याम सुंदर, पद्मश्री प्रोफेसर कमलाकर त्रिपाठी, प्रोफेसर केके गुप्ता, प्रोफेसर विजय तिलक, पंकज सिंह, हीमोफीलिया सोसाइटी के सचिव डॉ. ओपी पांडेय, डॉ. मोनिका गुप्ता और डॉ. हेमंत गुप्ता सहित कई गणमान्य चिकित्सक शामिल हैं।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
युवाओं में तेजी से बढ़ रहा डायबिटीज का खतरा, जानें पांच शुरुआती लक्षण
सबसे कम उम्र में T20 कप्तान बने वैभव सूर्यवंशी, 15 साल में हासिल की बड़ी उपलब्धि
यूपी में मतदाता सूची पर योगी सख्त, छूटे नाम जुड़वाने के निर्देश
मैसूर में PM ने की बुजुर्ग महिला की मदद
