रविशंकर का राहुल पर प्रहार, मामाजी, जीजाजी के मामलों को किया उजागर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी मां एवं पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर बुधवार को आरोप लगाया कि बोफोर्स, 2जी, कोयला, राष्ट्रमंडल खेल एवं नेशनल हेराल्ड मामले में घोटाले एवं भ्रष्टचार में आकंठ लिप्त उनका परिवार डील/कमीशन के खत्म होने और उन्हें भारत की उद्यमशीलता एवं प्रगति से परेशान है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 31 जनवरी के संसद के संयुक्त सत्र में दिये गये अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर कल शुरू हुई चर्चा को आगे बढ़ाते हुए गांधी के ‘मामाजी’ ओतावियो क्वात्रोची और ‘जीजाजी’ रॉबर्ट वाड्रा को लेकर भी तीखे तंज कसे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि गांधी यात्रा करके आये हैं और कल उनके भाषण में तल्खी, गुस्सा और हताशा देखी थी।

दरअसल यात्रा में किससे मिलते हैं, उसका भी असर होता है। यात्रा में एक पूर्व मुख्यमंत्री सेना से सबूत मांग रहे थे जिन्हें कांग्रेस के संचार प्रमुख रोक रहे थे। गांधी के कल के भाषण में हताशा, सत्ता के नैसर्गिक अधिकारी होने की विकृत सोच और संवैधानिक मर्यादाओं की अवहेलना के तत्व थे। प्रसाद ने कहा कि विदेश नीति के बारे में बात करते हुए गांधी ने जिस अधिकारी का हवाला दिया। उस अधिकारी ने अपना बयान वापस ले लिया था और राष्ट्रपति राजपक्षे ने उसका खंडन भी किया था। दूसरी बात उन्होंने कही कि एक उद्योगपति प्रधानमंत्री के साथ जाते हैं और उनके पक्ष में फैसले होते हैं। इस पर प्रसाद ने वर्ष 2008, 2010 और 2011 में अडानी समूह को कई खानों के आवंटन और बंदरगाह दिये जाने का मामला उठाया और राजस्थान, केरल, छत्तीसगढ़ एवं पश्चिम बंगाल में कांग्रेस, वाममोर्चा एवं तृणमूल कांग्रेस की राज्य सरकारों द्वारा दिये गये खदानों, बंदरगाहों सहित बड़े ठेके दिये जाने का विवरण दिया और कहा कि यदि भारत के उद्यमी देश के बाहर जा कर काम करते हैं तो उनको क्या परेशानी है।

भाजपा नेता ने कहा कि गांधी की परेशानी यह है कि भारत नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में देश की पांचवीं अर्थव्यवस्था कैसे बन गया। मोदी की अगुवाई में आज देश में जरूरत के हथियार बन रहे हैं और 14 हजार करोड़ से अधिक का निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के उद्यमी बढ़ें, इसमें क्या गलत है। चिंता यह है कि डील एवं कमीशन बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बोफोर्स, 2जी, कोयला, राष्ट्रमंडल खेल आदि घोटालों को देखने समझने का मौका मिला है। बोफोर्स घोटाल में मामाजी क्वात्रोची के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में मामाजी को भगाने एवं उनके बैंक खातों पर से रोक हटवाने में शर्मनाक ढंग से काम किया गया। प्रसाद ने कहा कि क्वात्रोची को पहले मलेशिया, फिर अर्जेंटीना और फिर इटली भागने का मौका दिया गया।

यही नहीं संप्रग शासन काल में क्वात्रोची के लंदन में बैंक खातों पर रोक हटवाने के लिए भारत के तत्कालीन कानून मंत्री हंसराज भारद्वाज ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल को भेजकर लंदन की अदालत में कहा कि भारत में क्वात्रोची के खिलाफ कुछ नहीं है और उनके बैंक खातों पर से रोक हटायी जा सकती है। इस खाते में बोफोर्स के कमीशन की राशि जमा थी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर चल रहे गांधी एवं उनकी मां ने 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति मामूली राशि में हड़प लिया। नेशनल हेराल्ड अखबार आजादी के आंदोलन का अखबार था, पंडित गोविंद वल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन के नाम शेयर थे, लेकिन उसे यंग इंडिया को बेच दिया गया। नब्बे करोड़ रुपए के ऋण को कांग्रेस पार्टी ने माफ भी कर दिया। बदले में मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, पटना की बहुमूल्य संपत्ति मिल गयी। दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग पर नेशनल हेराल्ड के भवन के मामले में उच्च न्यायालय, उच्चतम न्यायालय में याचिका खारिज होने के बाद उन्हें जमानत लेनी पड़ी है।

प्रसाद ने कहा कि राफेल मामले में राहुल गांधी ने टिप्पणी की और उन्हें बाद में माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने सच्चाई कड़वी होती है। 2जी मामले में 1.80 लाख करोड़ रुपए, कोयला घोटाल में दो लाख करोड़ रुपए, राष्ट्रमंडल खेल घोटाले में 75 हजार करोड़ रुपए के गबन के बाद आदर्श घोटाल में पूर्व सैनिकों के मकानों को सुशील शिन्दे एवं अशोक चव्हाण ने हड़प लिया। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के हरियाणा में ज़मीन घोटाले का उल्लेख किया और कहा कि हरियाणा एवं राजस्थान की सरकारों एवं मुख्यमंत्रियों से इस घोटाले में सहायता की थी। भाजपा नेता ने कहा कि मोदी चाहते हैं कि मेड इन इंडिया हथियार बने, वह चाहते हैं कि विदेश से मंगाये जाएं डील हो कमीशन मिले। अगस्ता वेस्टलैंड का उदाहरण है। राफेल के मामले में 12 साल तक कमीशन तय नहीं हो पाने के कारण वायुसेना को मारक क्षमता प्रदान नहीं की गयी जबकि मोदी ने सौदा किया और आज राफेल हिन्दुस्तान की हवाई सीमा की रक्षा के लिए तैनात हैं। उन्होंने कहा कि गांधी होमवर्क नहीं करते हैं और उनके सलाहकार भी यह काम नहीं कर पाते हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी ने यह जरूर साबित कर दिया कि वह भारत की तरक्की के खिलाफ हैं। वह नहीं चाहते हैं कि भारत के उद्यमी बाहर जा कर काम करें। वह भारत में निर्मित वैक्सीन के खिलाफ थे। इसके लिए उन्होंने भारतीय वैक्सीन की कितनी खिल्ली उड़ायी थी। दरअसल वह भारत की उद्यमशीलता की खिल्ली उड़ा रहे थे। उनकी कुंठा, हताशा यह है कि वह सत्ता में नहीं आ पा रहे हैं। वह ‘विध्वंसकों’ को लेकर घूमते हैं, पर देश की जनता यह सब देख रही है और उन्हें वोट नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है। भारत का मोबाइल फोन उद्योग का विस्तार हो रहा है। दस हजार करोड़ का निर्यात हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक चिप्स बन रहीं हैं। 5जी आ रहा है। बजट में डिजिटल अवसंरचना बन रही है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर गांधी की टिप्पणी का जवाब देते हुए प्रसाद ने कहा कि एक देशभक्त संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 1925 से देश की सेवा कर रहा है। पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल गांधी तक सब संघ की आलोचना करते रहे हैं, लेकिन आज संघ कहां है और कांग्रेस कहां, यह उन्हें देखना चाहिए। कांग्रेस की सीटें 2024 में और भी घटने वाली है। उन्होंने कहा कि गांधी की यह बात कि अग्निवीर की पूरी योजना संघ ने बनाई, हास्यास्पद है। यह पूरी योजना सेना के समझदार जनरलों ने सेना की औसत आयु कम करने के लिए बनायी है। वायुसेना के लिए अग्निवीर योजना के लिए साढ़े सात लाख आवेदन आये हैं। कर्तव्य पथ पर इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में महिलाओं की शक्ति को पूरे देश ने देखा।

चीन को लेकर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के भाजपा अध्यक्षीय कार्यकाल में एक संसदीय समिति के तहत राजनाथ सिंह एवं वह जम्मू-कश्मीर में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास दौरे पर गये थे तो वहां प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के क्रियान्वयन में दिक्कत की शिकायत के बारे में जब अधिकारियों से पूछा गया तो बताया कि उन्हें आदेश है कि चीन को गुस्सा नहीं दिलाना है, लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में हमने लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक सड़कें, पुल आदि सब बना दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुख्यमंत्री वाइव्रेंट गुजरात या रिसर्जेंट गुजरात की कल्पना करके निवेश लाता है और प्रगति करता है तो उसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि गांधी की सारी बातें झूठ, शर्मनाक और बेबुनियाद हैं। उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में डूबा है। (वार्ता)

National

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीनी लोगों के लिए दो-राज्य समाधान का समर्थन दोहराया

नई दिल्ली। भारत ने गुरुवार को इजरायल और फिलिस्तीन के संघर्ष को खत्म करने को लेकर दो-राज्य समाधान के अपने समर्थन को दोहराया। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में टू-स्टेट सॉल्यूशन की नई दिल्ली की प्रतिबद्धता पर जोर दिया, जिसमें फिलिस्तीनी लोगों के लिए इजरायल की सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित सीमाओं के […]

Read More
National Politics

देश के अंदर नक्सलवाद और आतंकवाद का कारण बनीं कांग्रेस की नीतियांः सीएम योगी

अपने सरकारी आवास पर मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- कांग्रेस दिशाहीन थी, अब नेतृत्व विहीन भी हो गई है कांग्रेस के नेता भारत की सभ्यता, संस्कृति को अपमानित करने का करते हैं प्रयासः सीएम महाराष्ट्र दौरे पर जाने से पहले सीएम ने कहा, वहां की राष्ट्रवादी जनता मोदी जी को तीसरा कार्यकाल देने […]

Read More
National

DPI के जरिये लोगों को सशक्त कर रहा भारत बना दुनिया के लिए प्रेरणास्त्रोत

नई दिल्ली। भारत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) पर न केवल अपने नागरिकों को सशक्त कर रहा है, बल्कि वह दुनिया भर के अन्य देशों के लिए भी प्रेरणा का एक स्त्रोत बनकर उभरा है। इसकी झलक पिछले हफ्ते देखने को मिली, जब भारत ने डीपीआई पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी की। यह पहला मौका था, […]

Read More