UP Muslim vote: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। इस बीच प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम वोट बैंक को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। चर्चा के केंद्र में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान हैं। दोनों नेताओं के बीच जुबानी तकरार ने यूपी की मुस्लिम राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है।
दरअसल, जेल से रिहा होने के बाद आजम के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। उन्होंने ओवैसी का नाम लिए बिना हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए तंज कसा। आजम ने कहा कि उनके क्षेत्र में हैदराबादी बिरयानी नहीं, बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। इसके साथ ही उन्होंने ओवैसी की राजनीतिक पहचान पर भी टिप्पणी। आजम ने कहा कि बैरिस्टर और मौलाना में अंतर होता है और केवल दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता।
आजम खान ने जेल में रहने के दौरान ओवैसी की ओर से की गई दुआओं पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि ओवैसी उनके परिवार का हालचाल लेने के लिए उनके घर जा सकते थे। इस बयान को ओवैसी की राजनीति पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
ओवैसी ने भी दिया करारा जवाब
आजम खान के बयान पर असदुद्दीन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। एक TV इंटरव्यू में उन्होंने खाने से जुड़े तंज का जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए खाना प्राथमिकता हो सकता है, लेकिन उनके लिए भोजन जीवन जीने का साधन है, न कि जीवन का उद्देश्य।
ओवैसी ने इस दौरान 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए। ओवैसी का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में कई राजनीतिक दल मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाकर उनका समर्थन हासिल करते हैं, लेकिन राजनीतिक भागीदारी और सत्ता में उचित हिस्सेदारी देने के मामले में पीछे रह जाते हैं।
ओवैसी की राजनीति और आजम का प्रभाव
दोनों नेताओं की राजनीतिक शैली और ताकत अलग-अलग है। असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समाज के लिए स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व और सत्ता में भागीदारी की बात करते हैं। उनका जोर इस बात पर रहता है कि मुस्लिम मतदाता केवल किसी दूसरे दल का समर्थन करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी राजनीतिक ताकत भी स्थापित करें। यूपी में वे दलित और मुस्लिम मतदाताओं को साथ लाने की कोशिश में जुटे हैं।
वहीं, आजम खान की ताकत उनका लंबा राजनीतिक अनुभव और रामपुर क्षेत्र में मजबूत जनाधार माना जाता है। वह 10 बार विधायक रह चुके हैं और समाजवादी पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। पश्चिमी यूपी और रुहेलखंड के कई इलाकों में उनके राजनीतिक प्रभाव को सपा के लिए अहम माना जाता है।
2027 में किसके पक्ष में जाएगा मुस्लिम वोट?
हालांकि, दोनों नेताओं के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। ओवैसी के सामने प्रदेश में संगठन मजबूत करने और चुनावी सफलता हासिल करने की चुनौती है। पिछले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। वहीं, आजम खान के सामने कानूनी मामलों, स्वास्थ्य और अपने पुराने राजनीतिक प्रभाव को फिर से सक्रिय करने की चुनौती है।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
TVK विधायक का निधन, क्या फिर लड़ेंगे स्टालिन?
मलिहाबाद में दो कार भिड़ी, दो की मौत, पांच लोग गंभीर रूप से घायल
दिल्ली में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI 278 दर्ज
