शाश्वत तिवारी
Tokyo: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यहां जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ ‘रायसीना टोक्यो 2026’ सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। बदलते वैश्विक परिदृश्य पर अपने विचार रखते हुए डॉ. जयशंकर ने आज की दुनिया की पांच मुख्य विशेषताएं रेखांकित कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को लगने वाले निरंतर झटके, हथियारों का बढ़ता इस्तेमाल तथा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्गों (‘चोकपॉइंट्स’) का दबाव अब एक स्थायी वास्तविकता बन चुके हैं। इसके साथ ही, अत्यधिक प्रतिस्पर्धा की मानसिकता और आर्थिक जोखिम कम करने (डी-रिस्किंग) के प्रयासों को उन्होंने मौजूदा दौर का बड़ा बदलाव बताया।
विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने इस दौरान जोर देकर कहा कि दुनिया के समक्ष खड़ी इन जटिल समस्याओं का एकमात्र प्रभावी समाधान ‘भरोसेमंद साझेदारियां’ हैं। उन्होंने जापान से आग्रह किया कि वह साल 2014 के बाद भारत में आए व्यापक बदलावों को समझे और दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाए। उन्होंने सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग को और गहरा करने की आवश्यकता जताई।

उल्लेखनीय है कि डॉ. जयशंकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ 18 और 19 नवंबर को आयोजित चौथे भारत-जापान टू-प्लस-टू मंत्रिस्तरीय संवाद में भाग लेने के लिए जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय मंत्री अपने जापानी समकक्षों, विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर व्यापक चर्चा कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर ने टोक्यो में जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से भी शिष्टाचार मुलाकात कर आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इससे पूर्व, विदेश मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित 9वें भारत-जापान हिंद-प्रशांत फोरम को एक वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया था, जहां उन्होंने भारत और जापान को एक मुक्त, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में अपरिहार्य साझेदार बताया।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
बच्चे की मौत पर योगी का सपा पर हमला
सोनपुर मेले की तैयारियां तेज, 22 नवंबर से आगाज
दुनियाभर में चमके भारत के 100 सितारे, TIME की पहली लिस्ट में आलिया, आर्यन और वैभव का नाम
