Dehradun: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में महज 12 घंटे के भीतर हुए दो भीषण सड़क हादसों में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा रुद्रप्रयाग जिले में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वहीं, दूसरा और बड़ा हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 26 लोग घायल हुए हैं।
पुल से 100 मीटर नीचे खाई में गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं।
यात्रियों ने ड्राइवर को तेज रफ्तार के लिए टोका था
हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। उन्होंने और अन्य यात्रियों ने कई बार चालक को गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की। पंकज के मुताबिक, वह कुछ देर बाद झपकी लेने लगे और फिर अचानक हादसा हो गया। यात्रियों के इस बयान के बाद दुर्घटना के कारणों को लेकर चालक की लापरवाही की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रहे चार लोगों की मौत
उत्तराखंड में दूसरी बड़ी दुर्घटना रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में कंडारा के पास हुई। सोमवार रात करीब नौ बजे पोखरी में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।
ये भी पढें
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
दोनों हादसों में हुई जनहानि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया गया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना में लोगों की मौत को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर, रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जिले की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर दुख जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कई राज्यों के यात्री हुए हादसे का शिकार
ऋषिकेश में हुए बस हादसे में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्री भी प्रभावित हुए हैं। घायलों में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
BHU से फोरेंसिक लैब तक का सफर, डॉ. प्रज्ञा वर्मा ने बढ़ाया लखनऊ का मान
ग्रेटर नोएडा: महिला उपनिरीक्षक की संदिग्ध हालात में मौत
‘मैसा’ का गाना ‘आओ री चिरैया’ रिलीज
निषाद पार्टी की नई कार्यकारिणी को डॉ. संजय ने दिलाई शपथ
