
Raebareli: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा से पहले रायबरेली में सियासी माहौल गरमा गया है। गुरुवार को प्रस्तावित यात्रा से पहले शहर और लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर सपा समर्थकों और विरोधियों की ओर से अलग-अलग पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में जहां समर्थकों ने अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में पेश करते हुए स्वागत किया है, वहीं विरोधी पोस्टरों में उन पर सवाल उठाए गए हैं।
समर्थकों ने अखिलेश को बताया ‘माधव’
रायबरेली शहर के कई हिस्सों में लगाए गए सपा समर्थक पोस्टरों में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाया गया है। एक पोस्टर पर लिखा है— ‘मेरे माधव, सुदामा की धरती पर आपका स्वागत है।’ पोस्टर में अखिलेश यादव को ‘PDA महानायक’ के रूप में भी संबोधित किया गया है।
विरोधी पोस्टरों में अखिलेश से सवाल
वहीं, लखनऊ-रायबरेली हाईवे समेत कुछ स्थानों पर अखिलेश यादव के विरोध में भी पोस्टर दिखाई दिए। इन पोस्टरों में उनसे अलग-अलग मुद्दों पर सवाल पूछे गए हैं। एक पोस्टर में ‘कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे?’ लिखा गया है, जबकि दूसरे में उनकी वैनिटी वैन को लेकर सवाल उठाया गया है।
कुछ पोस्टरों में अखिलेश यादव के लिए ‘गिरगिटेश’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर अखिलेश यादव के खिलाफ अन्य पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें उनके कार्यकाल और राजनीतिक रुख को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत
अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुताबिक वह बछरावां के चुरुआ से रथयात्रा शुरू करेंगे और हरचंदपुर में सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे।
ये भी पढें
इसके बाद उनका रायबरेली शहर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम है। सपा की ओर से यात्रा को लेकर कई स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
छात्र विवाद के बाद बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
रायबरेली में हाल ही में फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। सपा नेताओं ने इस मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
यात्रा के दौरान अखिलेश यादव के हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचने को भी इसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, यात्रा के उद्देश्य और कार्यक्रम को लेकर सपा की ओर से सामाजिक न्याय और PDA मुद्दों पर जोर दिया जा रहा है।
रथ पर सामाजिक न्याय से जुड़े संदेश
सपा के PDA रथ को सामाजिक न्याय से जुड़े संदेशों और समाज सुधारकों की तस्वीरों से सजाया गया है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी जोर रहेगा।
रायबरेली से यात्रा की शुरुआत ऐसे समय हो रही है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी तैयारियां तेज कर रहे हैं। फिलहाल, यात्रा से पहले लगे समर्थन और विरोध के पोस्टरों ने रायबरेली के राजनीतिक माहौल को चर्चा में ला दिया है। अब नजर इस बात पर है कि PDA रथयात्रा के दौरान अखिलेश यादव किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
बेलवाकाजी इंटर कॉलेज में स्काउट-गाइड शिविर समापन
SSB की IG मीनू चौधरी ने आज सोनौली बार्डर का दौरा कर सुरक्षा का लिया जायजा
आरक्षण बनाम योग्यता: जातीय आधार पर व्यवस्था को लेकर नई बहस
Stock Market Today : सेंसेक्स 700 अंक टूटा, निवेशकों को बड़ा झटका
चुनाव आयोग की आड़ में फिर विपक्ष का मोदी सरकार पर हमला


One thought on “रायबरेली में अखिलेश की PDA यात्रा से पहले पोस्टर वॉर”
Comments are closed.