चुनाव आयोग की आड़ में फिर विपक्ष का मोदी सरकार पर हमला

Election
अजय कुमार
अजय कुमार

Election एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के आधार पर विपक्षी दलों ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को घेरकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करके मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करने की सियासी कोशिश शुरू कर दी है। अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया कि तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में दो चुनाव आयुक्तों, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के उन फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराई, जो उनकी जानकारी के बिना लिए गए थे। ये आपत्तियां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया से जुड़ी थीं, लेकिन आयोग की तरफ से कहा गया है कि चुनाव आयोग ने सभी फैसले बहुमत से बिना किसी विवाद के लिए हैं। आपत्ति या किसी मुद्दे पर मतभेद आम बात है। इसका फैसले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। लेकिन एक पक्ष को सही मानकर अखबार के इस खुलासे के बाद कांग्रेस, CPI (M), TMC, DMK, आप और शिवसेना (यूबीटी) जैसे दलों ने आयोग की साख पर तो सवाल उठाए ही, साथ ही कांग्रेस की ओर से अभिषेक सिंघवी ने आरोप लगाया कि सीईसी ने चुनाव आयोग की साख और निष्ठा को नष्ट कर दिया है।

https://www.youtube.com/@NayaLook

कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने दावा किया कि अब तक SIR प्रक्रिया के तहत करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं और इस मुद्दे को रोज सुप्रीम कोर्ट में उठाया जा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।विपक्ष ने आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर व्यापक जांच की मांग दोहराई है। बहरहाल, विपक्ष के तीर भले ही मुख्य चुनाव आयुक्त की तरफ ताने जा रहे हों, लेकिन निशाने पर मोदी सरकार की विश्वसनीयता को दागदार करना ज्यादा है। वैसे यह पहला मौका नहीं है, जब मोदी सरकार विपक्ष और खासकर राहुल गांधी के निशाने पर आई हो, इसका काफी लम्बा सिलसिला है। नया दौर यह देखने में आ रहा है कि राहुल जो आरोप लगाते हैं, उसको देर-सवेर विपक्ष के अन्य नेता भी धार देने लगते हैं।

इससे पूर्व भी राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार को घेरने के लिए जिन आरोपों को राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाया, उनकी सूची लंबी है। 2014 के बाद ‘सूट-बूट की सरकार’, मोदी सरकार ने देश को बेच दिया वाला नेरेटिव, उद्योगपतियों के पक्ष में नीतियां बनाए जाने का आरोप, भूमि अधिग्रहण, बेरोजगारी और नोटबंदी जैसे मुद्दे कांग्रेस के प्रमुख हमलों में रहे। नोटबंदी के समय राहुल गांधी ने इसे आर्थिक तबाही और गलत नीति बताते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। राहुल गांधी के राजनीतिक अभियान का सबसे चर्चित अध्याय राफेल सौदे से जुड़ा रहा। 2018-19 में उन्होंने आरोप लगाया कि 36 राफेल विमानों की खरीद में कीमत बढ़ाई गई, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को दरकिनार किया गया और अनिल अंबानी से जुड़ी कंपनी को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने 526 करोड़ रुपये बनाम करीब 1600 करोड़ रुपये की कीमत का तर्क भी सार्वजनिक मंचों पर रखा। इसी अभियान से ‘चौकीदार चोर है’ नारा राष्ट्रीय राजनीति का हिस्सा बना। लेकिन दिसंबर 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने राफेल सौदे में अदालत की निगरानी में जांच की मांग वाली याचिकाएं खारिज करते हुए कहा कि उसे खरीद प्रक्रिया, कीमत या ऑफसेट पार्टनर के चयन में हस्तक्षेप का आधार नहीं मिला।

इसके बाद बेरोजगारी का मुद्दा विपक्ष के प्रमुख हथियारों में शामिल हुआ। 2017-18 की सरकारी रिपोर्ट में 15 वर्ष और उससे ऊपर की आबादी के लिए सामान्य स्थिति में बेरोजगारी दर 6.1 प्रतिशत दर्ज हुई थी। विपक्ष ने इसे रोजगार संकट का प्रमाण बताया। बाद के सरकारी आंकड़ों में यह दर 2018-19 में 5.8 प्रतिशत और आगे और नीचे आती दिखाई दी। पेगासस विवाद में भी राहुल गांधी और विपक्ष ने सरकार पर गंभीर निगरानी के आरोप लगाए। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि किसने पेगासस के इस्तेमाल की अनुमति दी और किन लोगों को निशाना बनाया गया। सुप्रीम कोर्ट ने 2021 में जांच के लिए समिति बनाई। अगस्त 2022 में अदालत के सामने समिति की रिपोर्ट के आधार पर कहा गया कि जांच किए गए 29 फोन में पेगासस के इस्तेमाल का कोई निर्णायक प्रमाण नहीं मिला।

ये भी पढें

संसद में हंगामा ही सिर्फ मकसद नहीं होना चाहिए

2023 में राहुल गांधी के हमले का केंद्र अदाणी समूह और प्रधानमंत्री मोदी के बीच कथित निकटता बन गया। लोकसभा में उन्होंने अदाणी समूह की तेजी से बढ़ती कारोबारी ताकत, सरकारी फैसलों और प्रधानमंत्री के साथ कथित संबंधों पर सवाल उठाए तथा अरबों डॉलर के लेनदेन को राजनीतिक मुद्दा बनाया। संसद में उनका भाषण इस मुद्दे को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में ले आया। बाद में उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म हुई तो राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें अदाणी पर अगला भाषण देने से रोकने के लिए निशाना बनाया गया। लेकिन सदस्यता समाप्ति का औपचारिक कारण 2019 के ‘मोदी सरनेम’ मानहानि मामले में दो साल की सजा था, न कि अदाणी पर उनके भाषण। अगस्त 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने उस सजा पर रोक लगाई और उनकी सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ हुआ।कांग्रेस और विपक्ष की राजनीति का एक मोर्चा चुनाव आयोग के खिलाफ भी खुला रहता है। 2025 में राहुल गांधी ने कर्नाटक के महादेवपुरा समेत विभिन्न चुनाव क्षेत्रों में मतदाता सूची में कथित हेरफेर को ‘वोट चोरी’ कहा और एक लाख से अधिक वोटों में गड़बड़ी का दावा किया। 17 अगस्त 2025 को ज्ञानेश कुमार ने सार्वजनिक रूप से कहा कि आरोपों को हलफनामे के साथ साबित किया जाए या माफी मांगी जाए। चुनाव आयोग ने इन दावों को निराधार बताया।यहां एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि चुनावी पारदर्शिता पर बहस सिर्फ राहुल गांधी बनाम चुनाव आयोग तक सीमित नहीं है। अप्रैल 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने ईवीएम और वीवीपैट की 100 प्रतिशत मिलान की मांग को खारिज करते हुए मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल को पर्याप्त माना और कहा कि उपलब्ध डेटा से धोखाधड़ी का आधार नहीं बनता। सितंबर 2026 में यही टकराव एक नए रूप में सामने आया, जब चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे गुटीय विवाद के बीच उसके मूल नाम और ‘फूल और घास’ चुनाव चिह्न को अंतरिम तौर पर फ्रीज कर दिया और दोनों पक्षों को अलग नाम व प्रतीक दिए।राहुल गांधी और विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरने के लिए राफेल से लेकर नोटबंदी, बेरोजगारी, पेगासस, अदाणी और चुनावी संस्थाओं तक लगातार नए राजनीतिक नैरेटिव बनाए।

कुछ मुद्दों पर अदालतों या आधिकारिक संस्थाओं ने विपक्ष के आरोपों को निर्णायक समर्थन नहीं दिया, कुछ पर सरकार को राजनीतिक और नीतिगत सफाई देनी पड़ी, और कुछ मुद्दे जैसे रोजगार, राजनीतिक फंडिंग तथा चुनावी पारदर्शिता आज भी सार्वजनिक बहस का हिस्सा हैं। 2024 के चुनाव ने यह भी दिखाया कि विपक्ष की राजनीति को पूरी तरह अप्रभावी मानना जल्दबाजी होगी। कांग्रेस 99 और समाजवादी पार्टी 37 सीटों तक पहुंची। इसलिए वास्तविक सवाल केवल यह नहीं है कि राहुल गांधी कितने आरोप लगा रहे हैं, बल्कि यह है कि कौन-सा आरोप प्रमाण, संस्थागत जांच, नीति बहस और अंततः मतदाता के फैसले में बदल पाता है।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें  

Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews

दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का निधन, 71 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

सेवा संकल्प अभियान: प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर

Health Tips: बेहतर नींद के लिए कब लें धूप? सुबह और शाम की रोशनी का जानें महत्व

‘बिग बॉस 20’ ने रचा इतिहास, एक हफ्ते में मिले दो करोड़ से ज्यादा व्यूज़

थिएटर से फिल्मों तक का सफर, श्रीधरन के निधन से कला जगत स्तब्ध

Spread the love

One thought on “चुनाव आयोग की आड़ में फिर विपक्ष का मोदी सरकार पर हमला”

Comments are closed.

UGC
Analysis homeslider

आरक्षण बनाम योग्यता: जातीय आधार पर व्यवस्था को लेकर नई बहस

UGC भारत के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में आरक्षण,UGC (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के प्रावधानों और सामाजिक न्याय की नीतियों को लेकर एक नया और गहरा वैचारिक संघर्ष आकार ले रहा है। हाल के दिनों में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और अन्य अगड़ी जातियों (जिन्हें सामान्य वर्ग या सवर्ण समाज कहा जाता है) के बैनर तले हो […]

Spread the love
Read More
homeslider National Uttar Pradesh

बृजभूषण से सुलह के बाद बाबा रामदेव का बड़ा बयान

New Delhi: योग गुरु बाबा रामदेव और भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही जुबानी जंग अब खत्म होती नजर आ रही है। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद के सुलझने के संकेत मिले हैं। रामदेव ने भी इस दिशा में स्पष्ट […]

Spread the love
Read More
New Delhi
homeslider National Politics

चंदा चोरी के बाद अब वोट चोरी भी हुई साबित

CEC को निलंबित कर मुकदमा दर्ज करेः प्रमोद कुमार New Delhi: कांग्रेस सांसद और उप नेता राज्यसभा प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी के बाद ‘‘मोदी सरकार’’ की संविधान तथा लोकतन्त्र की हत्या करके भारतीय जनतापार्टी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अपवित्र गठबन्धन से […]

Spread the love
Read More