- डोनाल्ड ट्रंप बोले ‘दुनिया की सुरक्षा का बोझ अकेले अमेरिका क्यों उठाए?
नया लुक डेस्क
वैश्विक कूटनीति के संवेदनशील दौर में डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने तीखे बयान से हलचल मचा दी है। ऐसे समय में जब ईरान के साथ बातचीत जारी है, ट्रंप ने चीन, फ्रांस, जापान और जर्मनी समेत कई देशों पर सीधा निशाना साधा है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया के कई देशों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और खुला रखने का काम कर रहा है, जबकि ये देश खुद अपनी जिम्मेदारी निभाने से बच रहे हैं। उन्होंने लिखा, कि हम चीन, जापान, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, जर्मनी और अन्य देशों के लिए यह काम कर रहे हैं, लेकिन उनमें इसे खुद करने की न तो इच्छाशक्ति है और न ही साहस। ट्रंप के इस बयान को वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा सवाल माना जा रहा है।

ट्रंप के मुताबिक, इन देशों की अर्थव्यवस्था काफी हद तक तेल आपूर्ति पर निर्भर है, फिर भी वे सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका पर छोड़ देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों के तेल टैंकर अमेरिका की ओर रुख कर रहे हैं, जो ग्लोबल एनर्जी सिस्टम में अमेरिका की बढ़ती भूमिका को दिखाता है।
क्या है होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल गुजरता है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव सीधे वैश्विक बाजार और तेल कीमतों को प्रभावित कर सकता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब मिडिल ईस्ट में तनाव बना हुआ है और ईरान के साथ शांति वार्ता चल रही है। ऐसे में उनका यह सख्त रुख न सिर्फ चीन बल्कि अन्य सहयोगी देशों के साथ अमेरिका के संबंधों पर भी असर डाल सकता है।
