होली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में पकवानों की तैयारी शुरू हो जाती है। इस खास मौके पर अगर आप कुछ पारंपरिक और हेल्दी स्नैक बनाना चाहते हैं, तो आटे के पापड़ एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। बाजार के पापड़ों की बजाय घर पर बने पापड़ स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहतर होते हैं। खास बात यह है कि इन्हें पहले से बनाकर स्टोर किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर तुरंत तलकर परोसा जा सकता है।
आटे के पापड़ बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। इसके लिए 3 कप गेहूं का आटा, 4 कप पानी, नमक स्वादानुसार, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, थोड़ा सा तेल और बेकिंग सोडा चाहिए। सबसे पहले भारी तले वाले बर्तन में तेल लगाकर उसमें पानी डालें और नमक, जीरा व लाल मिर्च मिलाएं। अब इसे ढककर उबाल आने दें। उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे बेकिंग सोडा मिलाएं।
इसके बाद सबसे अहम स्टेप आता है—आटा मिलाना। आटे को थोड़ा-थोड़ा करके पानी में डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गाठें न बनें। जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब इसे ढककर धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं। गैस बंद करने के बाद मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं, उन पर हल्का तेल लगाएं और पतले पापड़ बेल लें। तैयार पापड़ों को साफ कपड़े या प्लास्टिक शीट पर फैलाकर तेज धूप में 6 से 8 घंटे तक सुखाएं। अच्छी तरह सूखने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें
तनाव और डर से निजात पाने के लिए बाबा रामदेव ने बताए लाभकारी योगासन
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें देखें
होली के दिन इन पापड़ों को तलकर या भूनकर परोसें। चाय, ठंडाई या होली के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ये पापड़ स्वाद को दोगुना कर देते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को इसका कुरकुरा स्वाद बेहद पसंद आता है। इस बार होली पर घर में बने पापड़ों से मेहमानों का स्वागत करें और त्योहार को और खास बनाएं।
