भारत में मिठाई सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि मेहमाननवाज़ी और खुशियों का हिस्सा है। अक्सर घर में दूध बच जाता है या कई दिनों का जमा दूध इस्तेमाल नहीं हो पाता। ऐसे में उसे फेंकने की बजाय उससे स्वादिष्ट रबड़ी बनाई जा सकती है। यह रेसिपी बेहद आसान है और स्वाद में बाजार की मिठाई को भी मात दे सकती है।
सामग्री
1 से 2 लीटर फुल क्रीम दूध
4-5 बड़े चम्मच चीनी (स्वादानुसार)
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
8-10 काजू (कटे हुए)
8-10 बादाम (बारीक कटे)
थोड़ी सी केसर (वैकल्पिक)
बनाने की विधि
पहला स्टेप: दूध को गाढ़ा करना सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालने रखें। दूध को लगातार चलाते रहें ताकि वह नीचे से चिपके नहीं। जैसे-जैसे दूध उबलने लगे, ऊपर मलाई की परत बनने लगेगी। इस मलाई को चम्मच से कड़ाही के किनारों पर चिपकाते जाएं। यही तरीका रबड़ी को लच्छेदार बनाता है। धीरे-धीरे दूध आधा रह जाए और गाढ़ा होने लगे तो गैस की आंच धीमी कर दें। अब कड़ाही के किनारों पर जमी मलाई को खुरचकर दूध में मिला दें। इससे रबड़ी का टेक्सचर और भी रिच हो जाएगा।
दूसरा स्टेप: स्वाद बढ़ाएं अब इसमें चीनी डालें और अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इलायची पाउडर डालें, जिससे खुशबू बढ़ेगी। अगर हल्का पीला रंग चाहिए तो दूध उबलते समय थोड़ा सा केसर डाल सकते हैं। इससे रंग और फ्लेवर दोनों शानदार बनेंगे।
तीसरा स्टेप: ड्राई फ्रूट्स का तड़का कटे हुए काजू और बादाम डालकर मिलाएं। आप चाहें तो पिस्ता भी जोड़ सकते हैं। गैस बंद करें और रबड़ी को थोड़ा ठंडा होने दें। फिर इसे किसी बाउल या मिट्टी के कुल्हड़ में डालकर फ्रिज में 1-2 घंटे ठंडा करें।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
ये भी पढ़ें
‘पावर ब्लू, बेबी ब्लू नहीं’: ट्रंप के आदेश पर लाल, सफेद और नीले रंग में रंगेगा एयर फोर्स वन
खास टिप्स : कैरमेल फ्लेवर रबड़ी अगर आप हल्का ब्राउन या कैरमेल टेस्ट चाहते हैं, तो एक अलग पैन में 2-3 चम्मच चीनी डालें और धीमी आंच पर बिना चलाए पिघलने दें। जब चीनी सुनहरी भूरी हो जाए तो उसे तैयार रबड़ी में मिला दें। इससे स्वाद में हल्की सी स्मोकी मिठास आ जाएगी। इस आसान रेसिपी से बनी ठंडी-ठंडी रबड़ी खाने के बाद हर कोई उंगलियां चाटता रह जाएगा। अगली बार जब घर में दूध ज्यादा हो, तो उसे यूं ही खराब न होने दें—इससे स्वादिष्ट मिठाई तैयार करें।
