मुंबई। देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिक्षा को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। संस्थान के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म स्वयं प्लस (SWAYAM Plus) पर अब ‘सभी के लिए एआई’ अभियान के तहत सभी छह प्रमुख एआई कोर्स हिन्दी भाषा में निःशुल्क उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य भाषा की बाधा को खत्म कर देश के हर वर्ग को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। खास बात यह है कि इन कोर्सेस को करने के लिए न तो एआई का पूर्व ज्ञान जरूरी है और न ही कोडिंग का अनुभव।
बिना तकनीकी पृष्ठभूमि के भी सीख सकेंगे एआई
इन कोर्सेस के लिए केवल बुनियादी डिजिटल समझ और सीखने की इच्छा पर्याप्त है।
छात्र, शिक्षक, प्रोफेशनल्स और पहली बार सीखने वाले सभी लोग इस प्रोग्राम से जुड़ सकते हैं।
आईआईटी मद्रास इकोसिस्टम से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा तैयार इन कोर्सेस में…
- रियल डेटा सेट
- प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट
- केस स्टडी आधारित लर्निंग
पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे सीखने के साथ रोजगार क्षमता भी बढ़े।
प्रो. आर. सारथी का बयान : आईआईटी मद्रास के डीन (प्लानिंग) प्रोफेसर आर. सारथी ने कहा कि अब हिन्दी में कोर्स उपलब्ध होने से देश के दूर-दराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थी और प्रोफेशनल्स भी एआई शिक्षा से जुड़ सकेंगे। हमारा उद्देश्य ज्ञान को सीमाओं और भाषा से मुक्त करना है।
कोर्स अवधि और सर्टिफिकेट व्यवस्था
- प्रत्येक कोर्स: 25 से 45 घंटे
- पूरी तरह निःशुल्क
- इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन परीक्षा देकर प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं (नाममात्र शुल्क पर)
हिन्दी में उपलब्ध ‘सभी के लिए एआई’ कोर्स
- शिक्षकों के लिए स्मार्ट टीचिंग टूल्स और डिजिटल असेसमेंट
- भौतिकी की वास्तविक समस्याओं का एआई समाधान
- मॉलिक्यूलर प्रेडिक्शन और केमिकल मॉडलिंग
- अकाउंटिंग में ऑटोमेशन और डेटा एनालिटिक्स
खेल डेटा से रणनीति विश्लेषण
एआई की बुनियादी तकनीकी समझएआई फॉर एजुकेटर्स: यह कोर्स उम्मीदवार शिक्षकों और के-12 शिक्षकों के लिए है। एआई के माध्यम से बेहतर टीचिंग स्ट्रेटेजी, असेसमेंट और विद्यार्थियों के साथ भागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित है।
एआई इन फिजिक्स: यह कोर्स यूजी और पीजी के विद्यार्थियों और फैकल्टी मेंबर्स के लिए है। यह एआई से फिजिक्स की वास्तविक चुनौतियाँ दूर करने पर केंद्रित है।
एआई इन कैमिस्ट्री: यूजी और पीजी के विद्यार्थियों और फैकल्टी मेंबर्स के लिए पेश यह कोर्स रियल डेटासेट इस्तेमाल कर एआई-ड्रिवन मॉलिक्यूलर प्रेडिक्शन और केमिकल रिएक्शन मॉडलिंग पर केंद्रित है।
एआई इन अकाउंटिंग: यह कॉमर्स और मैनेजमेंट सीखने के उम्मीदवारों के लिए है, जो प्रैक्टिकल डेटासेट की मदद से एआई-आधारित ऑटोमेशन को अकाउंटिंग प्रिंसिपल से जोड़ता है।
क्रिकेट एनालिटिक्स विद एआई: यह क्रिकेट के वास्तविक डेटा, केस स्टडी और विज़ुअलाइज़ेशन टेक्नीक की मदद से स्पोर्ट्स एनालिटिक्स का जानकार बनाएगा।
एआई/एमएल यूजिंग पायथन: यह पायथन प्रोग्रामिंग, स्टैटिस्टिक्स, लीनियर अलजेब्रा और डेटा विज़ुअलाइज़ेशन सभी को लेकर तैयार एक फाउंडेशन कोर्स है।
‘सभी के लिए एआई’ कैंपेन का शुभारंभ साल 2025 में आईआईटी मद्रास प्रवर्तक के सहयोग से किया गया था। शुरुआती संस्करण में पाँच एआई कोर्सेस शामिल थे। इन्हें नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार बनाया गया। इसमें 42,000 से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराए। इनमें लगभग 1,100 उम्मीदवारों ने फाइनल सर्टिफिकेशन असेसमेंट के लिए रजिस्टर किए। इस तरह की भागीदारी से उत्साहित हो कर स्वयं ने सितंबर 2025 में दूसरा संस्करण पेश किया। इसमें एक नया कोर्स- एआई फॉर एजुकेटर्स जोड़ा गया और 50,000 से अधिक रजिस्ट्रेशंस हुए।
