सार्वभौम घोषणा पत्र के 75वें वर्ष की दहलीज पर मानवाधिकार

डॉ. कन्हैया त्रिपाठी
डॉ. कन्हैया त्रिपाठी

यह पृथ्वी हमारी है। चाहे भौगोलिक क्षेत्र कोई भी हो, इस पृथ्वी पर मनुष्य द्वारा सृजित सत्ता है। इस पृथ्वी पर मनुष्य की इस सत्ता को चुनौती भी मनुष्य सभ्यता द्वारा लगातार दी जा रही है। हमारे सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक विकास के लिए गढ़ी गई विभिन्न अवधारणाओं में हमें यह बताने की कोशिश होती है कि इस बदलाव से अमुक चीजें मनुष्य के लिए सहयोगी बनेंगी लेकिन होता कुछ नहीं है। एक उदाहरण देखें। बहुत ही ज्यादा समय का उदाहरण नहीं है। भारत आजाद हुआ और नेहरू की सरकार देश में विकास की बात की और यह बताया गया कि जब बांध बनेंगे तो बिजली बनेगी। बिजली बनेगी तो विकास होगा। इसी प्रकार जब भी परमाणु परीक्षण हुआ तो यह बताया गया कि आत्म-सुरक्षा की दृष्टि से और अपने विकास व मेधा को प्रदर्शित करने के लिए यह साइंटिफिक रिसर्च व हथियार हमारे ज्ञान के विकास को प्रदर्शित करते हैं। यह हमारी संप्रभुता और शक्तिशाली होने को भी प्रामाणित करते हैं। दुनिया में शहरीकरण, बाज़ार, औद्योगीकरण से विकास को परिभाषित किया गया। कृषि आधारित उत्पादन के लिए खाद व रसायन का उपयोग होगा तो यह हमारी तरक्की होगी, यह भी बताया गया।

अब यह मनुष्यों द्वारा ईजाद किया गया भ्रम मनुष्य पर भरी पड़ने लगा है। बांधों से विस्थापन हुआ। परमाणु हथियारों से नागासाकी और हिरोशिमा हुआ। अन्य विकास के जो भी पैमाने बताए गए, उनसे मनुष्य-समाज किस प्रकार अपने ही ऊपर कसे गए सिकंजे में फंस हुआ स्वयं को पा रहा है, उसे हर व्यक्ति आज जान चुका है, समझ चुका है। ये सभी मानव अधिकारों के हनन के कारक हैं। जब प्रथम विश्व युद्ध समाप्त हुआ था तो दुनिया इकट्ठी हुई थी। लीग ऑफ नेशंस बनाया। द्वितीय विश्व युद्ध हुआ तो दुनिया जुटी और संयुक्त राष्ट्र बनाया। संयुक्त राष्ट्र बनने के बाद ही तो दुनिया में मानवाधिकारों के व्यापक संरक्षण की वकालत शुरू हुई थी और एलीनर रुजवेल्ट की अध्यक्षता में संयुक्त राष्ट्र सार्वभौम घोषणा पत्र तैयार हुआ था। भारत की हंसा मेहता भी इस महत्वपूर्ण दस्तावेज़ निर्माण में शामिल थीं। 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र सार्वभौम घोषणा पत्र दुनिया के अधिकांश देशों ने सर्वसम्मति से अंगीकृत किया और जो उसके 30 सूत्रीय प्रतिज्ञा-पत्र थे, उसे किसी भी स्तर पर प्राप्त करने की प्रतिबद्धता दुहराई गई थी।

अपने उत्थान और पतन की पर्याप्त बहस में उलझा इंसान इस सार्वभौम घोषणा पत्र के 75 वर्ष बाद यह आँकलन कर रहा है कि हमने अपनी प्रतिबद्धताओं के साथ क्या किया? हम मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए कितना सफल हुए? हमने मनुष्य की आज की विकास यात्रा में कहीं मानवाधिकारों को पीछे ही तो नहीं छोड़ दिया, इसका आँकलन कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र सार्वभौम घोषणा-पत्र यानी UDHR के 75वीं दहलीज के बाद का मानवाधिकारों का जायजा अब लिया जाना जरूरी भी है। यह समझने की आवश्यकता है कि विश्व की सर्वमान्य संस्था संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकारों के उच्चायुक्त कार्यालय, गनहरी, राज्यों द्वारा स्थापित राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, विभिन्न राज्यों द्वारा स्थापित महिला अधिकार आयोग, मानव अधिकारों के पैरोकार, मानव अधिकारों के लिए आंदोलनकर्ता और मानव अधिकारों के लिए नोबेल पुरस्कार विजेता, सबने मिलकर कितना मानवाधिकारों का संरक्षण किया और क्या शेष है, जो आज करना है और आने वाली सदी में हमारी पीढ़ी को करना पड़ेगा? या यह सब आज तक जो हुआ वह सब एक प्रकार से भ्रम रचा गया।

सवाल खुद से पूछकर देखिए तो हजार सवाल हैं सबके पास। कोई भी दुनिया का व्यक्ति आज से संतुष्ट नहीं है। लेकिन, ऐसा नहीँ है कि असन्तुष्ट लोगों की संख्या बहुत ही अधिक है। संतुष्ट अन्य मामलों में जो होगा भी तो मानव अधिकारों को लेकर संतुष्ट नहीं है, ऐसा कहा जा सकता है। विश्व के विभिन्न हिस्से में निगाह उठाकर देखें तो पता चलता है कि आज भी सुरक्षा, गरिमा, स्वस्थ जीवन, भरपेट भोजन व स्वतंत्रता व संपन्नता पूर्णतया सबके लिए मौजूद नहीं है। शरणार्थियों की संख्या बढ़ रही है। विस्थापन हो रहे हैं। भूख बढ़ी है। गरीबी बढ़ी है। हिंसा बढ़ी है। अतिक्रमण बढ़े हैं। युद्ध निरंतर जारी हैं। जलवायु समस्या रुकने का नाम नहीं ले रही है। प्रकृति व धरती का दोहन जारी है। धरती को गरम होने से बचाव का कोई एजेंडा नहीं है। हमारा समुद्र और ग्लेशियर भी कहाँ सुरक्षित हैं। शहरीकरण और विभेदीकरण, आवारा पूंजी की रफ्तार और भावनाओं से खेलने की राजनीति हमारे आज को बिगाड़ चुके हैं। अब खुद सोचिए कि हमारे देश में ही नहीं दुनिया के राज्यों ने मानव अधिकारों के लिए क्या किया? क्या खोया और क्या पाया, सब आँख के सामने हैं। हमारा हैपीनेस इंडेक्स किस स्तर पर है, यह सबको पता है। राज्य सोचें कि वे अपनी वार्षिक रिपोर्ट के साथ जब अपनी पीठ थपथपाते हैं तो उसमें कितनी सचाई होती है और नागरिक और अनागरिक के रूप में जी रहा मनुष्य समाज कितने दुखों के पहाड़ के नीचे दबा हुआ महसूस कर रहा है।

संयुक्त राष्ट्र सार्वभौम घोषणा पत्र जब लाया गया। उन दिनों परिस्थितियाँ भिन्न थीं। औपनिवेशिक सभ्यता से मुक्त होते देश अपने नागरिकों के लिए नए स्वप्न के साथ अपने भौगोलिक क्षेत्र में बहुत कुछ करने की कोशिश में थे। स्वाधीन होने और संप्रभु होने के साथ वे एक कल्याणकारी राज्य बनकर नागरिकों के हित में नई क्रांति लाने की बात कर रहे थे लेकिन उन सभी स्वतंत्र हुए देशों के 75 वर्ष के इतिहास हमें सोचने के लिए आज मजबूर कर देते हैं। क्या लोकतंत्र खंडित नहीं हुए? क्या आतंकवाद नहीं हुआ? क्या हिंसाएँ नहीं हुईं? क्या महिलायें सुरक्षित हैं आज भी उन देशों में जो 75 साल पहले आजाद हुए थे? क्या हमारी सभ्यता के यही मापदंड उन दिनों थे, जिसकी बदौलत हम UDHR को हासिल करने की बात हम सब मिलकर कर रहे थे?

UDHR वास्तव में आज लगता है कि दुनिया की अरबों आबादी की समझ से बाहर का चीज है। दुनिया का सच यह है की आदिवासी समाज के लोग से लेकर जन-सामान्य से भी कोई पूछे तो उसे UDHR के बारे में पता नहीं है, ऐसा ही सुनने को मिलेगा। तो क्या अब 75 वर्ष बाद UDHR के बारे में जागरूकता फैलाने का समय अब आ गया है? तो क्या अब तक UDHR केवल संभ्रांतों का हथकंडा बनकर रह गया है? इस पर ही मंथन अगर राज्य कर लें तो भी बड़ी बात है। डर इस बात का है कि कहीं अन्य दिवस सेलीब्रेशन की भांति यह संयुक्त राष्ट्र सार्वभौम घोषणा-पत्र की 75वीं वर्षगांठ भी आत्मावलोकन की जगह भ्रम पैदा करने की एक आयोजना न बना दें। डर इस बात का भी है कि क्या हम 75 वर्ष बाद अपनी आने वाली पीढ़ी को धोखा देने के लिए तैयार हैं क्या?

भारत में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने सतत मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्य किया है, इस बात का संतोष है। वर्तमान NHRC अध्यक्ष और उसके सम्मानित सदस्य निःसंदेह जो नए इनिशियेटिव लिए हैं, उसकी गनहरी ने तारीफ की है। विश्व में हमारे NHRC का सम्मान बढ़ा है। स्वतःसंज्ञान के भी मामले बहुत प्रभावकारी बन पड़े हैं। ऐसा ही पूरे विश्व के देश प्रयास करें। ऐसा ही हर व्यक्ति प्रयास करे। UDHR सबकी पहुँच का हिस्सा बन जाएगा। सबकी प्रसन्नता का पैमाना बदल जाएगा। मानवाधिकारों का संरक्षण आवश्यक है। ऐसे वातावरण को तैयार करने की आवश्यकता है जिससे सब सबमें अपने आपको देखें। व्यष्टि से समष्टि की यह यात्रा है। सबके सुख की कामना यदि सबमें व्याप्त होगी, तभी तो UDHR की अवधारणा को हम सच कर पाएंगे। 75वीं दहलीज पर खड़े विश्व से यह अपील हर नागरिक करे कि उन्हें व्यष्टि से समष्टि की ओर आगे बढ़ना है और निरंतर सबका ख्याल रखना है, तभी हम UDHR को सबके जीवन का हिस्सा बना सकेंगे और मनुष्य की गरिमा, स्वतंत्रता व प्रसन्नता को सतत बना सकेंगे। निःसंदेह बड़े आत्मावलोकन से गुजरकर ही इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

लेखक: राष्ट्रपति जी के पूर्व विशेष कार्य अधिकारी रह चुके हैं व पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय में चेयर प्रोफेसर हैं।   

Analysis

किस्सा दो तानाशाहों के हरम का ! यौन शोषण अपनों का ही !!

के. विक्रम राव  कम्युनिस्ट राष्ट्रनायक और उत्तर कोरिया के 42-वर्षीय तानाशाह किम जोंग उन ने राजधानी प्योंगयोंग में अपने राजनिवास के रनिवास को हरम बनाकर कुंवारी कन्याओं को यौन-खिलौना बना डाला है। याद रहे यही चीन-मित्र किम है जिसने इस्लामिक पाकिस्तान को अणुबम का फार्मूला उपलब्ध कराया था। उसने उसे बम प्रक्रिया को चीन से […]

Read More
Analysis

जनसाधारण को समर्पित है भाजपा का संकल्प पत्र  

  डॉ. सौरभ मालवीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने व्यक्तित्व एवं कृत्तिव से भारतीय राजनीति में अपनी एक ऐसी पहचान स्थापित की है जिसका कोई अन्य उदाहरण दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने भाजपा को निरंतर दस वर्ष केंद्र की सत्ता में बनाए रखा। भाजपा की प्राय: सभी पुरानी घोषणाओं विशेषकर अयोध्या में राम जन्मभूमि […]

Read More
Analysis

अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस पर विशेष, समग्र स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है नृत्य

अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस हर साल 29 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस मनाया जाता है। नृत्य न केवल एक कला है बल्कि समग्र स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है क्योंकि ऐसा कहा जाता है कि 30 मिनट की नृत्य कक्षा एक जॉगिंग सत्र के बराबर होती है। यह सबसे अच्छे और सबसे मज़ेदार फिटनेस व्यायामों […]

Read More