उमेश तिवारी
नौतनवा/महराजगंज । नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्षों तथा सभासदों का कार्यकाल 12 दिसंबर को समाप्त हो गया। इसी के साथ ही इनके अधिकार व शक्तियां भी समाप्त हो गई हैं। इनकी जगह अब नगर निकायों में प्रशासक की तैनाती कर दी गई है। इसमें अधिशासी अधिकारी व नगर निकाय के लेखाकार को प्रशासक के रूप में तैनात कर निकाय का खाता संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
नई कमेटी बन जाने तक प्रशासक निकायों में सभी वित्तीय व प्रशासनिक कार्य कराएंगे। नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 में नगर पालिका परिषद महराजगंज, नगर पालिका परिषद नौतनवा, नगर पंचायत आनंदनगर, नगर पंचायत निचलौल, नगर पंचायत सिसवा, नगर पंचायत घुघली में चुनाव हुआ था। जिसमें मतगणना के बाद निर्वाचित अध्यक्ष व सभासदों ने 12 दिसंबर को शपथ लिया था। इसमें सिसवा को छोड़कर पांचों निकायों का कार्यकाल 12 दिसंबर को समाप्त हो गया है।
जिससे इन निकायों के अध्यक्ष व सभासदों का अधिकार व शक्तियां भी समाप्त हो गई हैं। शासन की ओर से इनकी जगह पर निकायों में प्रशासक तैनात किए जाने का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में जिला प्रशासन ने नगर निकायों में प्रशासक की तैनाती कर दी है। इसमें इन निकायों में संबंधित निकाय के अधिशासी अधिकारी व संबंधित निकाय के ही लेखाकार को प्रशासक के रूप में तैनात किया गया है। ये अधिकारी नगर निकाय के सभी खातों को संचालन संयुक्त रूप से करेंगे। वित्तीय नियमों के तहत सभी तरह के विकास कार्य, निर्माण कार्य, लाभार्थी परक कार्य समेत सभी कार्य करने का आधिकार इन प्रशासक को दी गई है।