
Shubman Gill: शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले मुकाबले में आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में गिल और विराट कोहली ने शतकीय पारियां खेलीं। अब दूसरे वनडे से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ की है।
गिल की कप्तानी को लेकर था अश्विन के मन में शक
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने स्वीकार किया कि जब गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब उनके मन में कुछ सवाल थे। अश्विन ने कहा, “उनकी कप्तानी भी दिन-ब-दिन बेहतर होती जा रही है।
मेरे मन में शक था कि शुभमन कैसे संभालेंगे, लेकिन हमें उनकी तारीफ करनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि भारतीय क्रिकेट में उस समय कप्तानी के लिए ज्यादा विकल्प नहीं थे और शुभमन सबसे स्थिर एवं परिपक्व विकल्पों में से एक थे। अब उनकी कप्तानी का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है, जिसे देखकर अश्विन खुश होने के साथ-साथ हैरान भी हैं।
‘खुश और सुखद रूप से हैरान हूं’
अश्विन ने कहा, “उनकी कप्तानी का स्तर बेहतर हो रहा है, जिससे मैं खुश और सुखद रूप से हैरान भी हूं। उन्होंने इस साल गुजरात टाइटंस की भी बढ़िया कप्तानी की थी और अब भारत के लिए भी ऐसा ही कर रहे हैं।”
ये भी पढें
उन्होंने गिल के बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों में सुधार की तारीफ की। अश्विन के मुताबिक, एक खिलाड़ी का बल्लेबाज के साथ-साथ कप्तान के तौर पर भी बेहतर होते जाना एक शानदार खूबी है। पूर्व स्पिनर ने कहा कि शुभमन गिल भारतीय बल्लेबाजों की अगली पीढ़ी के बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल होंगे।
गिल ने पहले वनडे में खेली कप्तानी पारी
वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम वनडे में भारत को 296 रन का लक्ष्य मिला था। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 रन की पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने नाबाद 139 रन बनाए।
दोनों की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने लक्ष्य को महज आठ विकेट शेष रहते हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे बुधवार को गुवाहाटी में खेला जाएगा।
विराट कोहली ने भी की गिल की तारीफ
पहले वनडे के बाद विराट कोहली ने भी शुभमन गिल के नेतृत्व की तारीफ की। BCCI टीवी से बातचीत में कोहली ने कहा कि गिल को टीम की कप्तानी सौंपे जाने के पीछे एक ठोस वजह है। कोहली ने कहा, “एक कारण है कि वह टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
ये भी पढें
उनके पास खेल को उस नजरिये से देखने की क्षमता है, जिससे वह टीम को जीत दिला सकते हैं।” कोहली ने बताया कि जब से शुभमन टीम में आए हैं, तब से दोनों के बीच रिश्ता खुला और हंसी-मजाक वाला रहा है। हालांकि अब गिल नेतृत्व की भूमिका में हैं और कोहली खुद टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं।
दबाव के बीच माहौल हल्का रखना जरूरी: कोहली
कोहली ने कप्तानी और टीम के माहौल पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब अनुभवी खिलाड़ी या कप्तान के चेहरे पर मुस्कान रहती है और वे हंसी-मजाक के जरिए माहौल को हल्का रखते हैं, तो बाकी खिलाड़ी भी सहज महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े दबाव वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ियों को यह महसूस होना चाहिए कि सब कुछ ठीक है। टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी उन्हें यह संदेश देते हैं कि दबाव लेने की जरूरत नहीं है। गिल की कप्तानी को लेकर अश्विन और कोहली की सकारात्मक टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब युवा कप्तान भारतीय टीम की टेस्ट और वनडे दोनों टीमों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
क्या दामाद कर सकता है सास-ससुर का श्राद्ध, जानिए धार्मिक मान्यताएं
विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक समीकरण साधने की कवायद में BJP
फतेहपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से पांच की मौत
सिद्धू की पसंद विराट, सचिन-धोनी से आगे
महिला की निर्मम तरीके से हत्या करने वाला इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल


One thought on “गिल की कप्तानी पर अश्विन को था शक, अब हुए हैरान”
Comments are closed.