IND vs PAK: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय युवा टीम ने इतिहास रच दिया है। शनिवार (14 नवंबर) को अल अमेरात में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सांसें रोक देने वाले इस मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ, जहां मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को चैंपियन बना दिया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक मोहित उल्वा और मनल चौहान रहे, जिन्होंने मुश्किल वक्त में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 49.5 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मोहित उल्वा 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि मनल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रनों की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच आखिरी ओवरों में हुई अहम साझेदारी ने भारत को हार के मुहाने से निकालकर खिताबी जीत दिला दी।
मोहित उल्वा और मनल चौहान ने पलटी बाजी
338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की थी। आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। आर्यवीर ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में अपना चौथा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया। इसके बाद लक्ष्य रायचंदानी ने वीके विनीत के साथ पारी को आगे बढ़ाया। विनीत ने 24 रन बनाए, जबकि लक्ष्य ने कप्तानी पारी खेलते हुए 101 गेंदों पर 80 रन जड़े। हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई।
अर्जुन राजपूत ने 16 और यशवर्धन चौहान ने नौ रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य के आउट होने के तुरंत बाद अन्वय द्रविड़ भी रन आउट हो गए। अन्वय ने 19 रन का योगदान दिया। आर्यन सावसानी और काव्य पटेल के विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं। ऐसे नाजुक मौके पर मोहित उल्वा और मनल चौहान ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों का डटकर सामना किया और तेजी से रन बनाते हुए भारत की उम्मीदें जिंदा रखीं। मोहित ने आखिरी समय तक क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की और अंतिम गेंद पर चौका लगाकर भारत को यादगार जीत दिला दी।
ये भी पढें
राहुल गांधी की फोन टैपिंग लोकतंत्र और निजता के अधिकार पर हमला: प्रमोद तिवारी
उस्मान खान के शतक से पाकिस्तान ने बनाए 337 रन
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए। पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। उस्मान खान और हयाम खान ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। हयाम 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान खान और अब्दुल कादिर ने भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की शानदार साझेदारी हुई। अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें आठ छक्के और तीन चौके शामिल रहे।
तीन वहीं, उस्मान खान ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। फरहान यूसुफ ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए 63 रन बनाए। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में वापसी करते हुए पाकिस्तान को 337 रनों पर रोक दिया। भारत की ओर से काव्य पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकटा ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।
ग्रुप स्टेज में हार का भारत ने फाइनल में लिया बदला
भारत और पाकिस्तान की टीमें इस टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में भी आमने-सामने आई थीं। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। लेकिन फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उस हार का हिसाब बराबर कर दिया। भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरी ओर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को नौ विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया था।
भारत ने नौवीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी है। भारतीय टीम ने नौवीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले भारत आठ बार चैंपियन बन चुका था। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने दो-दो बार, जबकि अफगानिस्तान ने एक बार यह ट्रॉफी जीती है।
चोट के कारण फाइनल से बाहर रहे ईशान सूद
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया था। तेज गेंदबाज ईशान सूद चोटिल होने के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल सके। उनकी जगह चिगुरुपति वेंकटा को टीम में शामिल किया गया। वहीं पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में मोहित उल्वा और मनल चौहान की जांबाज पारियों ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को जश्न मनाने का मौका दे दिया। पाकिस्तान के खिलाफ मिली यह खिताबी जीत भारतीय युवा क्रिकेट के लिए एक यादगार उपलब्धि बन गई।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
कल मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती, जानें उनका संघर्ष
NTR और अनिल रविपुडी की पहली फिल्म का ऐलान, बड़े पर्दे पर लगेगा कॉमेडी का तड़का
राहुल गांधी की फोन टैपिंग लोकतंत्र और निजता के अधिकार पर हमला: प्रमोद तिवारी
