Jaipur: जयपुर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल त्रिपोलिया बाजार में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पुरोहित जी का कटला स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में सुबह करीब सात बजे लगी आग देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। इस घटना में 20 से ज्यादा दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
कार्टन से शुरू हुई आग, ज्वलनशील सामान ने बढ़ाई मुश्किल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक कपड़े की दुकान के बाहर कार्टन में रखे सामान में आग लगी। इसके बाद आग तेजी से आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। बाजार में कपड़े, प्लास्टिक, खिलौने और चूड़ी-बैंगल्स समेत कई तरह का ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। माणक चौक थाना घटनास्थल से कुछ दूरी पर है। धुआं उठता देखकर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। करीब 8 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचना शुरू हुईं।
25 से 30 दमकल गाड़ियां मौके पर
आग बुझाने के लिए बनीपार्क, घाटगेट, चौगान और आमेर समेत अलग-अलग स्थानों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। शुरुआत में 15 से अधिक दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई, जबकि बाद में करीब 25 से 30 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं।
ये भी पढें
संकरी गलियों और दुकानों में भरे कपड़े, प्लास्टिक व अन्य ज्वलनशील सामान के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली भी बंद कर दी गई। 20 से ज्यादा सिविल डिफेंस कर्मचारी भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
दुकानदारों में मची अफरा-तफरी
आग फैलने के बाद बाजार में व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास भी किया। स्थानीय दुकानदार मुकेश के मुताबिक, जिस स्थान पर आग लगी, वहां बड़ी संख्या में खिलौनों की दुकानें हैं और आसपास कपड़ा मार्केट है। उन्होंने बताया कि आग से काफी नुकसान हुआ है और सुबह करीब सात बजे से आग लगी हुई थी।
बरामदों में सामान रखने पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी राधेश्याम सैनी ने आरोप लगाया कि बाजार में कई व्यापारी दुकानों के बाहर बरामदों और बालकनी की जगह में बड़ी मात्रा में सामान रखते हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर मौजूद माल से भी अधिक है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ जगह जाली लगाकर बालकनी तक को पैक कर दिया गया है, जिससे आग लगने की स्थिति में आम लोगों और दमकलकर्मियों को परेशानी हो सकती है। इसको लेकर नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए।
ये भी पढें
अधिवक्ताओं को झूठे वादों से भ्रमित कर रही सरकार- विजय सिंह एडवोकेट
रेस्टोरेंट संचालन को लेकर भी उठे सवाल
जिस बिल्डिंग में आग लगी, वहां दूसरी मंजिल पर संचालित रेस्टोरेंट को लेकर भी व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। स्थानीय लोगों ने रेस्टोरेंट के संचालन को लेकर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि इसका पहले भी विरोध किया गया था। व्यापारियों के अनुसार, मकर संक्रांति के दौरान भी इसी रेस्टोरेंट से जुड़ी जगह पर छत पर आग लगने की घटना हुई थी। इस संबंध में माणक चौक थाने में शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई है।
फायर एनओसी और अग्निसुरक्षा इंतजामों की जांच
व्यापारियों का दावा है कि भवन निर्माता के पास फायर ब्रिगेड की एनओसी है। हालांकि, उनका आरोप है कि आग बुझाने के लिए लगाए गए उपकरण मौके पर सक्रिय स्थिति में नहीं थे। अब एनओसी और अग्निसुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जांच की बात कही जा रही है।
माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ज्यादातर कपड़ों की दुकानें हैं और बरामदों में रखा कपड़े का सामान भी आग की चपेट में आया है। दुकान मालिकों के पास फायर एनओसी थी या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
अधिवक्ताओं को झूठे वादों से भ्रमित कर रही सरकार- विजय सिंह एडवोकेट
दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजन से मिले CM योगी, 15-15 लाख रुपये की दी आर्थिक सहायता
मोहनलालगंज में हत्या, बक्से में मिला एक व्यक्ति का शव, व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी

One thought on “जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में”
Comments are closed.