
सुरक्षा को लेकर भारी मात्रा में पुलिस के जवान रहेंगे मुस्तैद
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार मातहतों के साथ बैठक कर दिए दिशा-निर्देश
ए अहमद सौदागर
Barawafat procession : 12 रबी उल अव्वल यानी बारावफात के मौके पर मंगलवार को सुन्नी समुदाय का जुलूस सुबह अमीनाबाद स्थित झंडे वाला पार्क से शुरू होकर ऐशबाग ईदगाह पर जाकर समाप्त होगा।
बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुराने लखनऊ में करीब नब्बे लाख लोगों की भीड़ जमा होने की उम्मीद है। सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस के दौरान वीडियो कैमरे की पैनी नजर हर एक शख्स पर होगी।
जुलूस के दौरान शांति भंग करने का प्रयास करने वालों से निपटने के लिए राजधानी पुलिस को सतर्क तो किया ही गया है साथ ही मारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। यह जुलूस झंडे वाला पार्क से सुबह दस बजे से शुरू होकर मौलवीगंज, गंगा प्रसाद रोड, रकाबगंज चौराहा, नादान महल रोड, नक्खास तिराहा, बिल्लौचपुरा, हैदरगंज तिराहा, होते हुए ऐशबाग ईदगाह शाम चार बजे के करीब संपन्न होगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पांच जोन एवं 23 सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन पुलिस उपायुक्त, 16 अपर पुलिस उपायुक्त, 38 सहायक पुलिस आयुक्त, 54 निरीक्षक, 475 उपनिरीक्षक, 665 मुख्य आरक्षी व आरक्षी और 145 महिला आरक्षी, 11 कंपनी पीएसी बल, दो कंपनी आरआरएफ, एक एटीएस टीम, छह क्यूआरटी, व चार महिला क्यूआरटी तैनात रहेंगी। इसके अलावा एलआईयू, दो ड्रोन कैमरा, 36 क्लस्टर मोबाइल तथा दस घुड़सवार को लगाया गया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा।

