हाई फैट, शुगर और सॉल्ट पर अलग-अलग चेतावनी जरूरी, सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश

Supreme Court: पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के बाजार में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अब चिप्स, बिस्किट, नमकीन, चॉकलेट और अन्य पैकेज्ड फूड उत्पाद खरीदते समय उपभोक्ताओं को यह आसानी से पता चल सकेगा कि उनमें फैट, शुगर और नमक की मात्रा अधिक है या नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को खाद्य उत्पादों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने ‘3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ की ओर से दायर जनहित याचिका (सिविल रिट याचिका संख्या 437/2024) पर सुनवाई करते हुए कहा कि अधिक मात्रा में वसा, चीनी और नमक वाले उत्पादों पर अलग-अलग सचित्र चेतावनी प्रतीक लगाए जाने चाहिए। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की पोषण संबंधी वास्तविक स्थिति से अवगत कराना और उन्हें बेहतर विकल्प चुनने में मदद करना है।

पैकेट के सामने दिखेंगे अलग-अलग लाल हेक्सागोनल लेबल

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, खाद्य कंपनियों को पैकेट के सामने वाले हिस्से पर फैट, शुगर और सॉल्ट के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाने होंगे। किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्वों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होने पर प्रत्येक के लिए अलग चेतावनी दिखाई देगी। इन लेबलों का आकार षट्कोणीय (Hexagonal) होगा और इनमें संबंधित पोषक तत्व के साथ स्पष्ट रूप से ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। अदालत ने प्रत्येक हेक्सागोनल लेबल का आकार पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल के लगभग चार से पांच प्रतिशत के अनुपात में रखने की बात कही है। इसके अलावा, FSSAI को निर्देश दिया गया है कि चेतावनी के भीतर इस्तेमाल होने वाले शब्दों का फॉन्ट इतना स्पष्ट और बड़ा हो कि सामान्य खरीदारी के दौरान उपभोक्ता उसे आसानी से पढ़ सकें।

टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को बनाया जाएगा आधार

पोषण संबंधी चेतावनियों के लिए किन तत्वों को आधार बनाया जाए, इस पर भी सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण रुख अपनाया है। अदालत ने FSSAI को निर्देश दिया है कि चिंताजनक पोषक तत्वों की सीमा तय करते समय केवल एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर (कुल चीनी) और सैचुरेटेड फैट को भी आधार बनाया जाए। पीठ ने चेताया कि चेतावनी के लिए निर्धारित सीमा वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित और संतुलित होनी चाहिए। यदि सीमा बहुत कम रखी जाती है तो लगभग सभी उत्पाद चेतावनी के दायरे में आ सकते हैं। इससे उपभोक्ता धीरे-धीरे इन चेतावनियों को नजरअंदाज करने लगेंगे। इसे ‘लेबल थकान’ (Label Fatigue) कहा जाता है। वहीं, सीमा बहुत अधिक होने पर वास्तव में नुकसानदेह उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं।

FSSAI ने क्या प्रस्ताव दिया है?

इस मामले में FSSAI की ओर से अलग-अलग चरणों में कई प्रस्ताव सामने रखे गए हैं। शुरुआत में दो चरणों वाली व्यवस्था पर विचार किया गया था। इसमें पहले दो या उससे अधिक पोषक तत्वों की अधिकता वाले उत्पादों पर चेतावनी लगाने और बाद में एकल पोषक तत्व की अधिकता वाले उत्पादों को शामिल करने का प्रस्ताव था। बाद में किसी एक पोषक तत्व की निर्धारित सीमा पार होने पर भी लाल हेक्सागोनल चेतावनी लगाने का प्रस्ताव सामने आया।

यह व्यवस्था मोटे तौर पर कनाडा के मॉडल से प्रेरित बताई गई है। इसके लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) की 2024 की डाइटरी गाइडलाइंस को आधार बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके साथ ही नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ की अलग चेतावनी लगाने और नई अधिसूचना के बाद 365 दिनों की स्वैच्छिक कार्यान्वयन अवधि देने का प्रस्ताव भी शामिल है।

बच्चों को भी सिखाई जाएगी पोषण संबंधी जागरूकता

सुप्रीम कोर्ट ने खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर चेतावनी लगाने के साथ ही लोगों को पोषण के प्रति जागरूक बनाने पर भी जोर दिया है। अदालत ने केंद्र सरकार से स्कूली पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव करने और बच्चों के बीच व्यावहारिक पोषण साक्षरता बढ़ाने के लिए इंटरैक्टिव वर्कशॉप तथा सह-पाठ्यचर्या गतिविधियां आयोजित करने को कहा है। अदालत ने खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग एवं डिस्प्ले) विनियम, 2020 का प्रभावी और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।

पैकेज्ड फूड कंपनियों पर बढ़ेगा दबाव

इस फैसले का असर देश के पैकेज्ड फूड, बेवरेज और FMCG उद्योग पर पड़ सकता है। कंपनियों को अपने उत्पादों की पोषण संरचना, पैकेजिंग डिजाइन और लेबलिंग व्यवस्था में बदलाव करने पड़ सकते हैं। खासकर ऐसे उत्पादों के लिए नए मानकों का पालन महत्वपूर्ण होगा, जिनमें चीनी, नमक या वसा की मात्रा अधिक होती है।

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नए नियमों के मसौदे की प्रगति रिपोर्ट साझा करने और इस संबंध में औपचारिक हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई होगी। कुल मिलाकर, इस पहल का मकसद खाद्य उत्पादों की पोषण संबंधी जानकारी को अधिक पारदर्शी बनाना है, ताकि उपभोक्ता केवल आकर्षक पैकेट देखकर नहीं, बल्कि उसमें मौजूद पोषक तत्वों की वास्तविक मात्रा समझकर खरीदारी का फैसला कर सकें।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें  

Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews

ये भी पढें

हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ा खुलासा, पंजाब नहीं राजस्थान रॉयल्स में होने वाले थे शामिल

कतौरा में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीण धरने पर बैठे

संविधान दिवस पर योगी का राहुल पर हमला

 

 

 

Education homeslider

UPPSC PCS 2025: प्रीलिम्स रिजल्ट पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

UPPSC PCS Mains Exam  :  उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने PCS प्रारंभिक परीक्षा के पहले घोषित परिणाम को रद्द करते हुए आयोग को संशोधित मेरिट लिस्ट जारी करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के इस फैसले […]

Read More
Business

ICICI लाइफ सिग्नेचर पेंशन: बुढ़ापे में नियमित आय और परिवार के लिए आर्थिक सुरक्षा

ICICI Life: सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के साथ अपनी अगली पीढ़ी के लिए संपत्ति और विरासत तैयार करने की योजना बना रहे लोगों के लिए ICICI लाइफ इंश्योरेंस ने ICICI लाइफ सिग्नेचर पेंशन पेश की है। यह योजना ग्राहकों को बाजार से जुड़े रिटर्न के माध्यम से लंबी अवधि में रिटायरमेंट फंड तैयार करने […]

Read More
Lucknow
homeslider Uttar Pradesh

हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों का सहारा बनेगी योगी सरकार

डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत एक दिसंबर से खुलेंगे निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे लेबर अड्डे में बिस्तर, तकिया, चादर व कंबल के साथ निशुल्क मिलेगा रात्रि का भोजन निर्माण श्रमिकों को ठंड से बचाने की मुहिम, 18 महानगरों को 10-10 लाख का अग्रिम बजट जारी रेलवे स्टेशन व मंडियों के पास […]

Read More