IND A vs SL A: ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में भारत A और श्रीलंका A के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। गुरुवार को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। भारत A ने शानदार शुरुआत करते हुए 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि अब तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र पारी को आगे बढ़ा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 40 रनों की तूफानी पारी
भारत A की ओर से पारी की शुरुआत करने अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी उतरे। दोनों ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन क्रीज पर जमने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली। हालांकि, आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रीलंका A को पहली सफलता मिली। जनिथ लियानगे ने शॉर्ट गेंद डालकर वैभव सूर्यवंशी को बड़ा शॉट खेलने के लिए मजबूर किया। वैभव गेंद को सही दिशा नहीं दे सके और लसित क्रूसपुल्ले ने उनका शानदार कैच लपक लिया। वैभव ने 27 गेंदों में 40 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

अभिषेक शर्मा ने जड़ा शानदार अर्धशतक
वैभव के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और महज 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अभिषेक ने 63 गेंदों पर 78 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी पारी का अंत 21.5 ओवर में हुआ। लाहिरू समरकून की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अभिषेक अपना कैच जनिथ लियानगे को थमा बैठे।

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने संभाली पारी
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उनका साथ देने के लिए कुमार कुशाग्र क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों की कोशिश भारत A को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की है। भारतीय टीम 200 रन का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब उसकी नजर श्रीलंका A के सामने बड़ा लक्ष्य रखने पर है।

तनुष कोटियन का भारत A की ओर से डेब्यू
इस अहम सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑलराउंडर तनुष कोटियन को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है। यह भारत A की ओर से उनका डेब्यू मुकाबला है। उन्हें भारतीय टीम के बॉलिंग कोच सुनील जोशी ने डेब्यू कैप पहनाई।

भारत A की प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, तनुष कोटियन, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान।
श्रीलंका A की प्लेइंग इलेवन
लसित क्रूसपुल्ले, सिनेथ जयवर्धने, निशान मदुष्का (विकेटकीपर), पवन रत्नायके (कप्तान), निपुन धनंजय, जनिथ लियानगे, रवींदु फर्नांडो, वानुजा साहन, विजयकांत वियासकांत, लाहिरू समरकून और गरुका संकेत।
भारत A और श्रीलंका A के बीच इस सेमीफाइनल मुकाबले पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी। भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹5,000, अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का घोषणापत्र
68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से लगाई न्याय की गुहार
लखनऊ में ‘संविधान रक्षा’ मार्च, खरगे होंगे शामिल
