
Prayagraj rain: प्रयागराज में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पॉश कॉलोनियों से लेकर पुराने शहर तक सड़कों पर पानी भर गया। कई जगह सीवर के पानी का बैकफ्लो होने से घरों के अंदर तक गंदा पानी पहुंच गया। हालात बिगड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम को मोटर बोट के साथ उतारना पड़ा।
अल्लापुर और टैगोरटाउन में घुटनों तक भरा पानी
रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार को भी जारी रही। सुबह लोगों की आंख खुली तो शहर की कई सड़कें पानी में डूबी मिलीं। अल्लापुर, टैगोरटाउन और जार्जटाउन समेत कई इलाकों में लोग घुटनों तक पानी में चलने को मजबूर हुए। अल्लापुर के बाघाम्बरी हाउसिंग स्कीम, डंडिया और शिवनगर में भी जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से मुलाकात कर जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की।
ये भी पढें
कॉकरोच प्रोटेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, हाईलेवल पैनल से होगी जांच; CCTV फुटेज भी होगी शामिल
24 घंटे में 73.4 मिमी बारिश, छह डिग्री गिरा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में 24 घंटे के दौरान 73.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम था। रविवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। यानी एक दिन में अधिकतम तापमान करीब छह डिग्री गिर गया। मौसम विभाग ने 19 से 21 अगस्त और 23 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।
रामबाग स्टेशन पर डूबे रेलवे ट्रैक, ट्रेनें प्रभावित
भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। रामबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो और तीन की पटरियों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण इन लाइनों से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। 12334 विभूति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर पांच से रवाना किया गया। बनारस-प्रयागराज मेमू ट्रेनों का संचालन भी प्लेटफॉर्म नंबर पांच से किया गया। वहीं जलभराव के कारण बलिया पैसेंजर ट्रेन को झूंसी स्टेशन पर ही रोकना पड़ा।
ये भी पढें
UNGA से दूरी बनाएंगे जिनपिंग; 11 साल बाद अमेरिका दौरे पर चीनी राष्ट्रपति
मदरसे में फंसे 50 लोगों को NDRF ने निकाला
करेली के अल ताहिरा मस्जिद एवं मदरसे में जलभराव के कारण 35 बच्चे और 15 अन्य लोग फंस गए। सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम मोटर बोट लेकर मौके पर पहुंची और सभी 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा करेली के एक अन्य इलाके में घरों में फंसे 26 लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। शरणालयों को भी तैयार रखने को कहा गया है।
आजाद नगर में रेलवे की दीवार नाले में गिरी
बारिश के बीच आजाद नगर में रेलवे की करीब 10 मीटर लंबी दीवार अचानक नाले में गिर गई। मलबे से नाला अवरुद्ध हो गया, जिससे बारिश और नाले का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया। आसपास के कई घरों में भी पानी घुस गया।
सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों ने रेलवे की जर्जर दीवारों को लेकर चिंता जताई है। रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराने की बात कही गई है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
कॉकरोच प्रोटेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, हाईलेवल पैनल से होगी जांच; CCTV फुटेज भी होगी शामिल
UNGA से दूरी बनाएंगे जिनपिंग; 11 साल बाद अमेरिका दौरे पर चीनी राष्ट्रपति
ऋषभ पंत ने टेस्ट में जड़ा 100वां छक्का, गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास

