नई दिल्ली। राजस्थान में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कोच धुएं और लपटों से घिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के B-1 एसी कोच में आग लगने की घटना कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास हुई। पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, लूनी रिचा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त अधिकांश यात्री अपने केबिन में सो रहे थे। अचानक कोच में धुआं भरने और आग की लपटें उठने से यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही यात्री अपने सामान के साथ जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। कई यात्रियों का सामान कोच में ही छूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और थर्ड एसी तथा SLR कोच भी इसकी चपेट में आ गए।
ये भी पढ़े
दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, दो दिन में दूसरी बार बढ़े दाम… जानिए नई कीमतें
सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए B-1 कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग को फैलने से रोकने के लिए तुरंत ट्रेन की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड और रेलवे की तकनीकी टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
रेलवे ट्रैक पर रुकी कई ट्रेनें
हादसे के बाद कोटा रेल मंडल के इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से ओएचई (OHE) बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिसके चलते कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। ट्रेन संख्या 12955 को माहिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया। कोटा रेलवे स्टेशन पर भी हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल और राहत टीम को तुरंत रवाना किया गया।
ये भी पढ़े
UP में बड़ा अनोखा मामला: महिला ने पांच दिनों में चार बच्चों को जन्म दिया
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
कोटा रेल मंडल के सीनियर DCM सौरभ जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेलवे की तकनीकी टीम घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया।
