नया लुक ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शुष्क मौसम के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है तो वही घना कोहरा छाने के कारण मैदानी क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज देहरादून के साथ ही प्रदेश के मैदानी शहरों में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है। उधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी जिलों के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है। जिसकी वजह से सुबह के समय दृश्यता घट गई है और पारे में भी भारी गिरावट आई है। देहरादून और पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय चटक धूप गिरने से तापमान में वृद्धि हो रही है। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है जबकि मुक्तेश्वर में भी तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। इस वजह से कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति भी दिखाई दे रही है।
बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 14.9 और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18.7 और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान 18.0 और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।
जिसकी वजह से अभी कोहरे से भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम शुष्क रहने के चलते मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा और शीत लहर की चेतावनी दी गई है। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के साथ ही शीत दिवस का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी इसी तरह के हालात बने रहेंगे। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
