बड़कोट। जिला पत्रकार संघ एवं प्रेस क्लब उत्तरकाशी का दो दिवसीय अधिवेशन व द्विवार्षिक सम्मान समारोह बड़कोट डायट में सम्पन्न हुआ है। अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज की आंख और अंतरात्मा है। पत्रकार केवल घटनाओं का विवरण ही नहीं देता, बल्कि सत्ता से सवाल पूछता है, वंचितों की आवाज बनता है और तथ्यों को निर्भीकता से सामने रखता है। लेकिन पत्रकारों के लिए ऑनलाइन मीडिया के युग में सनसनी, दबाव और भ्रम के बीच सत्य को सामने लाना सबसे बड़ी चुनौती बनी है।
प्रेस क्लब उत्तरकाशी व जिला पत्रकार संघ का दो दिवसीय द्विवार्षिक अधिवेशन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट (डायट) में सम्पन्न हुआ। दोनों दिन कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के द्वारा सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्वलन कर हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने “सत्य की खोज और लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित करते” कहा कि एक “पत्रकार समाज की आंख और अंतरात्मा” होता है। वह केवल घटनाओं का विवरण ही नहीं देता, बल्कि सत्ता से सवाल भी पूछता है, वंचितों की आवाज बनकर तथ्यों को निर्भीकता से सामने रखता है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि आज ऑनलाइन सूचना के युग में सनसनी, दबाव और भ्रम के बीच सत्य को सामने रखना सबसे बड़ी चुनौती बनी है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। कि वे निष्पक्षता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा को अपना मार्गदर्शक बनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारिता न तो प्रचार है, न व्यापार, बल्कि जनसेवा है। जब कलम निर्भय होती है, तब समाज सजग होता है और जब पत्रकार ईमानदार होता है, तब लोकतंत्र जीवित रहता है। कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए अन्य सरकारों की अपेक्षा महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार पत्रकारों के साथ खड़ी है। जिसके लिए की भी पत्रकार किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे मुझसे संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी ने जनपद के वरिष्ठ/युवा पत्रकारों को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित भी किया।
