नई दिल्ली। कांग्रेस ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगते हुए दिल्ली की पीड़ित युवती को तत्काल न्याय देने के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता अलका लाम्बा ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में आये दिन महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं हो रही हैं।
लेकिन BJP के नेतृत्व वाली केंद्र और ‘AAP’ के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। गुजरात और तमिलनाडु कैडर के उन पुलिस अधिकारियों को दिल्ली पुलिस का मुखिया बनाया जा रहा है। जिन्हें राष्ट्रीय राजधानी की कोई जानकारी नहीं है। जिस युवती को 12 किलोमीटर तक घसीटा गया तीन महीने के भीतर उसे न्याय मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि निर्भया कांड के समय जो राजनीतिक दल मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांगते थे वे आज सत्ता में हैं और अपनी जिम्मेदारियों को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस इन घटनाओं को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग करती है। (वार्ता)