कोलकाता/चंदौली। वर्तमान में कोलकाता से चंदौली पहुंचने में सड़क मार्ग से 13 से 14 घंटे का समय लगता है, लेकिन आने वाले दिनों में यह दूरी महज छह घंटे में तय कर ली जाएगी। भारतमाला परियोजना के तहत चंदौली से कोलकाता तक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जनपद में इसके लिए जमीन अधिग्रहण के साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने का काम तेजी से चल रहा है।
यह एक्सप्रेस वे 686 किमी लंबा व सौ मीटर चौड़ा यानी आठ लेन का रहेगा तथा इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड व बंगाल जुड़ जाएंगे। इसके निर्माण में लगभग 24275 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण का उद्देश्य बौद्धिक व कभी आर्थिक राजधानी रहे काशी को कोलकाता से सीधे तौर पर जोड़ना है। यह एक्सप्रेसवे झारखंड की राजधानी रांची से होकर जाएगी। कहां-कहां से जाएगा एक्सप्रेसवे..चंदौली से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद, बोकारो, रांची व पुरुलिया होते हुए कोलकाता आएगा।
चंदौली जनपद में यह एक्सप्रेसवे लगभग 22 किमी लंबा होगा जबकि बिहार में इसकी लंबाई 159 किमी होगी। यह चंदौली के 31 गांवों से जोड़ी जाएगी। इसलिए अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है। एक अधिकारी के अनुसार इसके बाद इसका एक DPR तैयार होगा। फिर इसकी एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जायेगी। (BNE)