Guru Ravidas Jayanti: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को मेरठ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा महासभा’ में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने संत रविदास जी के स्मृति-चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही गुरु रविदास जी की पवित्र चरण-पादुकाओं को अपने शीश पर धारण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महासभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के विचार, वचन और जीवन दर्शन आज भी समाज को समानता, समरसता, बंधुत्व, मानवता और सामाजिक न्याय का संदेश देते हैं। उनका जीवन हमें जाति, वर्ग और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।

उनके विचार किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, वंचितों, शोषितों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के लगभग 80 करोड़ जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। यह संत रविदास जी के ‘जहां मिले सबन को अन्न’ के महान विचार को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब भूखा न सोए और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिले।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से इन वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और अधिकार दिलाने का संकल्प है।

संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, सांसद अरुण गोविल, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक कुमार रावत, पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी और धर्मेंद्र कुमार भारद्वाज सहित संतगण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शोकाकुल परिवारों से मिलकर जताई संवेदना
महासभा के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने संजय त्यागी के पुत्र के असामयिक निधन पर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के आवास पहुंचे, जहां उनकी दिवंगत माताजी के स्मृति-चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से मिलकर अपनी शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। मेरठ प्रवास के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री किसान मोर्चा के कार्यकर्ता सुनील प्रजापति के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
लखनऊ में श्रीमद्भागवत कथा का सातवां दिन भक्तिमय, रुक्मिणी विवाह और सुदामा चरित्र ने मोहा मन
चिनहट: बेलगाम फार्च्यूनर ने मासूम बच्ची को कुचला, मौत
जयशंकर ने की IORA की 25वीं बैठक की अध्यक्षता
