इस पहल के तहत अंगदान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन की अवधारणा, उद्देश्य, चयन प्रक्रिया, आर्थिक सहयोग और भविष्य की योजनाओं को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने विशेष बातचीत में विस्तार से जानकारी साझा की।
दुख को दूसरों के जीवन की उम्मीद में बदलने वाले परिवारों का सम्मान
डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ 2030 का भारत की एक सामाजिक पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोने के बाद अंगदान या टिश्यूदान का निर्णय लेकर दूसरों को जीवन का अवसर दिया। उनका मानना है कि ऐसे परिवारों के साहस, संवेदनशीलता और मानवीय योगदान को समाज में उचित पहचान मिलनी चाहिए। इससे न केवल उनका सम्मान होगा, बल्कि दूसरे लोग भी अंगदान के महत्व को समझने के लिए प्रेरित होंगे।
तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान
इस सम्मान के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ है, जिसके अंतर्गत अंगदान या टिश्यूदान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ उन व्यक्तियों और परिवारों के लिए है, जो अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ के तहत डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को पहचान दी जाएगी।
लोकप्रियता नहीं, वास्तविक योगदान होगा चयन का आधार
सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया गया है। डॉ. मलिकराम के अनुसार, चयन का आधार किसी व्यक्ति की लोकप्रियता नहीं, बल्कि उसका वास्तविक योगदान होगा। अंगदान करने वाले परिवारों के मामले में संबंधित चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त प्रमाणिक जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों को प्राथमिकता दी जाएगी। जागरूकता श्रेणी में अभियानों, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन होगा, जबकि चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत लोगों की भूमिका और योगदान को आधार बनाया जाएगा। इसके लिए परिवारों, सामाजिक संस्थाओं और चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से योग्य नाम सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल सरकारी ग्रांट नहीं, CSR और सामाजिक सहयोग से आगे बढ़ेगी पहल
आर्थिक सहयोग को लेकर डॉ. अतुल मलिकराम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस आयोजन के लिए कोई सरकारी ग्रांट या आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हो रही है। 2030 का भारत एक पंजीकृत फाउंडेशन है और इसे आयकर अधिनियम के तहत 80G प्रमाणन प्राप्त है। संस्था व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से साझेदारी की संभावनाओं पर काम कर रही है। साथ ही सरकारी सहयोग का भी स्वागत किया जाएगा। संस्था की कोशिश है कि यह अभियान किसी एक आर्थिक स्रोत पर निर्भर न रहे।
इंदौर से शुरुआत, भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक विस्तार का लक्ष्य
डॉ. मलिकराम ने कहा कि इंदौर से इस पहल की शुरुआत होना गर्व की बात है, लेकिन इसका उद्देश्य किसी एक शहर तक सीमित रहना नहीं है। अंगदान मानवता से जुड़ा विषय है और इसकी आवश्यकता पूरे देश में है। संस्था का लक्ष्य इसे मध्य प्रदेश के अन्य शहरों तक पहुंचाने के साथ भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देना है।
ये भी पढें
भारत-EU संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर
भ्रांतियों को दूर करने के लिए सही जानकारी और निरंतर संवाद जरूरी
अंगदान को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों पर उन्होंने कहा कि जागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम सही जानकारी और निरंतर संवाद है। बहुत से लोग अंगदान की प्रक्रिया, चिकित्सकीय पहलुओं और कानूनी व्यवस्थाओं से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। ऐसे में विशेषज्ञों के माध्यम से प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की संभावनाएं भी हैं।
उन्होंने कहा कि अंगदान करने वाले परिवारों की कहानियां समाज को गहराई से प्रभावित कर सकती हैं। जब लोग देखते हैं कि किसी परिवार ने अपने दुख को दूसरे व्यक्ति के जीवन की उम्मीद में बदल दिया, तो उनमें भी सकारात्मक सोच विकसित होती है। हालांकि, अंगदान का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि सही जानकारी देकर लोगों को जागरूक करना है।
शिक्षा से लेकर आजीविका और पुनर्वास तक काम कर रहा 2030 का भारत
डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि 2030 का भारत की गतिविधियां केवल अंगदान जागरूकता तक सीमित नहीं हैं। संस्था शिक्षा, आजीविका, सामाजिक विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी काम कर रही है। टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को प्रशिक्षण और सहयोग दिया जाता है। वहीं प्रोजेक्ट अपलिफ्ट के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और वंचित समुदायों को संसाधनों एवं बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर और बंदियों के पुनर्वास एवं कौशल विकास से जुड़ी पहलें भी संस्था के कार्यक्षेत्र में शामिल हैं।
एक दिन का आयोजन नहीं, निरंतर सामाजिक अभियान बनेगा सम्मान
आयोजन की सफलता को लेकर डॉ. मलिकराम ने कहा कि उनके लिए सफलता केवल सम्मानित होने वाले परिवारों की संख्या से तय नहीं होगी। असली उपलब्धि तब होगी, जब लोग अपने परिवारों में अंगदान पर बातचीत शुरू करेंगे, युवा इस दिशा में जागरूकता फैलाने के लिए आगे आएंगे और समाज में अंगदान को लेकर सकारात्मक सोच विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ केवल एक दिन का आयोजन बनकर न रह जाए, बल्कि एक निरंतर चलने वाला सामाजिक अभियान बने। इसका उद्देश्य उन परिवारों के त्याग को सम्मान देना है, जिन्होंने अपनों को खोने के बाद भी दूसरों के जीवन को बचाने का रास्ता चुना। ऐसे प्रयासों से समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की भावना को नई मजबूती मिल सकती है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
भारत-EU संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर
अखिलेश और डिंपल की शादी के 27 साल पूरे, सपा की सफलता के लिए होगी प्रार्थना
प्रभास बने नशामुक्ति अभियान का चेहरा, युवाओं को नशे से दूर रहने का देंगे संदेश
AMCA से पहले भारत खरीदेगा रूस का Su-75? चीन के J-35 से मुकाबला
