शाश्वत तिवारी
India-EU Relations: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन और बुल्गारिया की विदेश मंत्री डॉ. वेलिस्लावा पेट्रोवा के साथ अलग-अलग उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन वार्ताओं का मुख्य केंद्र यूरोपीय देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और भारत-यूरोपीय संघ (EU) के संबंधों को नई गति प्रदान करना रहा। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन के साथ हुई बैठक में दोनों नेताओं ने ‘भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी रोडमैप 2026–2030’ के तहत अब तक हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। डॉ. जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन से मिलकर खुशी हुई।
हमने ‘भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी रोडमैप 2026–2030’ के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की। हमने व्यापार, सेमीकंडक्टर, AI, डिजिटल और साइबर सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी प्रयासों, सुरक्षा, जलवायु, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि, जल, स्वास्थ्य, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। हमने भारत-ईयू संबंधों को मजबूत करने के अवसरों पर भी चर्चा की। हमारी बातचीत में आपसी हित से जुड़े अन्य वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों को भी शामिल किया गया।

इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने यहां बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने व्यापार, कनेक्टिविटी, निवेश, तकनीक, रक्षा, सुरक्षा और टैलेंट मोबिलिटी (प्रतिभाओं की आवाजाही) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। डॉ. जयशंकर ने इस मुलाकात के बाद एक्स पर एक अन्य पोस्ट में लिखा हमने दोनों देशों के बीच बढ़ते लोगों के आपसी संपर्कों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सराहना की, साथ ही भारत-ईयू के गहरे होते संबंधों पर भी चर्चा की। इस बात पर सहमति बनी कि भारत-EU FTA के बाद दोनों पक्षों के व्यवसायों के बीच सक्रिय आदान-प्रदान होना चाहिए।
इसके अलावा, IMEC और अन्य कनेक्टिविटी पहलों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। हमने काला सागर की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर हुई चर्चा की सराहना की। कूटनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यूरोप के इन दो प्रमुख देशों के विदेश मंत्रियों की भारत यात्रा और डॉ. जयशंकर के साथ हुई सार्थक चर्चाएं वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को सुदृढ़ करने और यूरोपीय संघ के साथ भारत के रणनीतिक जुड़ाव को नई ऊंचाई देने में मील का पत्थर साबित होंगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
प्रभास बने नशामुक्ति अभियान का चेहरा, युवाओं को नशे से दूर रहने का देंगे संदेश
अखिलेश और डिंपल की शादी के 27 साल पूरे, सपा की सफलता के लिए होगी प्रार्थना
अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय- मुख्यमंत्री
CM का निर्देश: एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाएं समय पर हों पूरी
