- महुली थाना क्षेत्र के नोकता-अलीनगर सीवान का मामला
आशुतोष मिश्रा
संतकबीरनगर। संतकबीरनगर जनपद के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीनगर-नोकता सीवान में सोमवार अपराह्न उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि तेज हवा के झोंकों के बीच खेत में लहलहा रही फसल में अचानक आग भड़क उठी, जिससे किसानों के होश उड़ गए। हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई आबादी की ओर बढ़ने लगी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। हालांकि धधकती आग के आगे शुरू में लोगों के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे थे। इसी बीच एक साहसी युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर से खेत की जुताई शुरू कर दी, जिससे आग के फैलाव पर काफी हद तक काबू पाया जा सका।
महिलाएं और पुरुष बाल्टियों में पानी भर-भरकर आग बुझाने में लगे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। सूचना पर महुली थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
