- मुख्य मार्ग पर बिजली की मरम्मत करते समय हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। गुडंबा थाना क्षेत्र में शनिवार को बिजली मरम्मत करते समय एक संविदाकर्मी की झुलस कर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैरपुर थाना क्षेत्र स्थित तरहिया गांव निवासी 45 वर्षीय परशुराम गुडंबा क्षेत्र के कल्याण पुर स्थित विद्युत विभाग में बतौर संविदाकर्मी के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि परशुराम शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे जगरानी अस्पताल के पास मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहे थे कि इसी दौरान अचानक बिजली तार में करंट आने से मरम्मत कर रहे लाइन मैन परशुराम करंट की चपेट में आ गए और झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई मोहन ने पुलिस को बताया कि मृतक चार भाईयों में से एक थे। मोहन के मुताबिक मृतक के तीन बेटियां, एक बेटा है। घटना होने की खबर मिलते ही मानो परिवार में कोहराम मच गया और आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तो परशुराम की दशा देख बेहाल हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
