मथुरा और बरसाना में होने वाली विश्व प्रसिद्ध लठमार होली को लेकर प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस अनोखे त्योहार का हिस्सा बनने के लिए पहुंचते हैं, जिसके चलते इस बार भी रिकॉर्ड भीड़ की संभावना जताई जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
प्रशासन के अनुसार छाता-बरसाना रोड, नंदगांव-बरसाना तिराहा और गोवर्धन-बरसाना रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। नंदगांव और कोसी की ओर से आने वाले वाहन बरसाना तिराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। इसी तरह गोवर्धन से बरसाना की ओर जाने वाले वाहनों को नीमगांव तिराहे पर ही रोक दिया जाएगा।
इसके अलावा राणा की प्याऊ, कामा रोड और राधा विहारी इंटर कॉलेज के पास के रास्तों पर भी सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों को भी बरसाना के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और वे निर्धारित पार्किंग स्थल तक ही संचालित होंगी।
भारत मंडपम प्रदर्शन मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार
डायवर्जन के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कोसी से गोवर्धन जाने वाले वाहन छाता के रास्ते से गुजर सकेंगे। वहीं गोवर्धन से कोसी जाने वाले वाहनों को भी छाता मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। शहर के अंदर भी कई स्थानों पर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
इन स्थानों पर मिलेगी पार्किंग की सुविधा
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए हैं। गोवर्धन रोड, करहैला रोड, ढवाला रोड, बरसाना-कोसी रोड, बरसाना-छाता रोड और रूपनगर रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर वाहन खड़ा करने के बाद श्रद्धालु पैदल या शटल सेवा के माध्यम से आयोजन स्थल तक पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख मंदिरों और घाटों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
लठमार होली का आयोजन 24 और 25 फरवरी को होगा। इस दौरान प्रशासन का लक्ष्य आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाना है।
