नया लुक ब्यूरो
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी में चल रहे एक्रो फेस्टिवल एवं SIV चैंपियनशिप2026 के दौरान गुरुवार को पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दो पैराग्लाइडर पायलट मिड-एयर में संतुलन खो बैठे और सीधे टिहरी झील में जा गिरे। हालांकि पहले से तैनात SDRF की रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह घटना टिहरी झील क्षेत्र में हुई। जहां तीन से चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय इवेंट में भारत और विदेशों से आए एथलीट्स एरोबेटिक पैराग्लाइडिंग प्रदर्शन कर रहे थे। आयोजन को पर्यटन विभाग द्वारा प्रमोट किया जा रहा है जिसमें एशिया के सबसे बड़े बांध झील पर रोमांचक उड़ानें शामिल हैं।
ये भी पढ़े
जानकारी के अनुसार, पैराग्लाइडिंग के दौरान अचानक तकनीकी खराबी या संतुलन बिगड़ने से दोनों पैराग्लाइडर अनियंत्रित हो गए और झील में प्लंज कर गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पैराग्लाइडर आसमान से गिरते और SDRF की बोट्स रेस्क्यू के लिए दौड़ती दिख रही है। आयोजन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर प्रतापनगर क्षेत्र और टिहरी झील में SDRF की विशेष रेस्क्यू टीमें अलर्ट पर तैनात थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही टीम ने बिना देर किए झील में उतरकर दोनों पायलटों तक पहुंच बनाई। समन्वित ऑपरेशन में दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित पाए गए और उन्हें जरूरी मेडिकल चेकअप के बाद रिहा कर दिया गया। एक्रो फेस्टिवल एवं SIV चैंपियनशिप 2026में विश्व स्तर के 57 से अधिक पैराग्लाइडर प्रतिभागी शामिल हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि बाकी कार्यक्रम बिना किसी जोखिम के संपन्न हो सके। SDRF की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
