- हमलावरों ने छीनी सर्विस रिवॉल्वर
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। सुल्तानपुर जिले में वांछित चल रहे कुख्यात बदमाश को सुल्तानपुर के गांव में गिरफ्तार करने गई अयोध्या पुलिस की टीम पर हमला हो गया। अपराधी के परिवार वालों ने लाठी-डंडे से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इसमें दो दारोगा घायल भी हो गए। साथ ही हमलावरों ने पुलिस की सर्विस रिवालवर भी छीन ली। घटना सुल्तानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा लाला का पुरवा गांव की है। गुरुवार सुबह गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने से पहुंची पुलिस टीम पर वांछित अपराधी और उसके परिवार वालों ने जानलेवा हमला कर दिया।
ये भी पढ़े
प्रेग्नेंट होने पर पहले कराया गर्भपात, फिर समाज के डर से शरीर पर डाल दिया तेजाब
अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई टीम पर आरोपी आदर्श सिंह और दशरथ सिंह सहित कई लोगों ने लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया। हमले में उपनिरीक्षक अकील हुसैन, उपनिरीक्षक भानु प्रताप शाही और कांस्टेबल उमेश गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने पुलिस कर्मियों को घंटों तक घर में बंधक बनाए रखा। इसी दौरान उपनिरीक्षक अकील हुसैन की सर्विस रिवॉल्वर व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कुमारगंज, इनायतनगर, हलियापुर और बल्दीराय थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और गांव में लगातार दबिश देनी शुरू की। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष टीम गठित कर दी गई है।
ये भी पढ़े
ये इश्क नहीं आसांः बहू के प्यार में पागल बाप बना जल्लाद, फावड़े से बेटे को काट डाला
घायल उपनिरीक्षक भानु प्रताप शाही की तहरीर पर 5 नामजद व 4 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घर की 2 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस पूरे प्रकरण पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
