रायसेन। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले की एक नवविवाहिता रक्षा मिश्रा का क्षतविक्षत शव पड़ोसी जिले रायसेन के सुल्तानपुर के पास जंगल से बरामद किया है। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा है। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका के पति नितिन दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या के कारणों का पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस महिला का शव बरामद करने के लिए आरोपी को यहां पर लेकर आई थी, जिसकी पहचान महिला के सिर और बालों से की गई है। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या घर में की और उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए रायसेन जिले के सुल्तानपुर के पास बगासपुर के पास लगभग 90 किमी दूर लाकर फेंक दिया। शव की पहचान न हो सके, इसके लिए पति ने पत्नी के शव पर एसिड डालकर जला दिया। (वार्ता)
