- मामले को देख वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप
- आनन-फानन में पुलिस ने भेजा अस्पताल
- हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। किसी मामले को लेकर गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र स्थित सिरौली गांव निवासी 65 वर्षीय सतबीर गुर्जर कोई पदार्थ खाने के बाद मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दरबार पहुंच गए। उन्हें चकराता देख वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पूछा तो कहा मैं जहरीला पदार्थ सेवन कर यहां आया हूं। यह सुनते ही सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में इसकी सूचना गौतमपल्ली पुलिस को दी।
सुरक्षाकर्मियों की मदद से बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जहर खाने वाले बुजुर्ग रिटायर्ड फौजी बताए जा रहे हैं, वहीं पुलिस इस बाबत अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र स्थित सिरौली गांव निवासी 65 वर्षीय सतबीर गुर्जर पुत्र प्रेम सिंह गुर्जर गुरूवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंचे। बताया जा रहा है कि जनता दरबार में मौजूद लोगों से उन्होंने कहा मैं जहरीला पदार्थ खाकर यहां आया हूं।
बुजुर्ग की बातें सुनते ही जनता दरबार में आए फरियादियों और वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ और आनन-फानन में गौतमपल्ली पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बुजुर्ग किन लोगों से परेशान होकर यह कदम उठाया इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में बुजुर्ग से पूछताछ की जा रही है।
