दस साल में भाजपा ने झुग्गियों को तोड़कर तीन लाख लोगों को बेघर किया: केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कई झुग्गियों को तोड़ा और तीन लाख से अधिक लोगों को बेघर किया। केजरीवाल ने रविवार को यहाँ शकूरबस्ती के रेलवे झुग्गी कैंप का दौरा कर कहा कि जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा का चुनाव नजदीक आता जा रहा है, भाजपा की झुग्गीवालों के प्रति मोहब्बत बढ़ती जा रही है। भाजपा के नेता झुग्गियों में जाकर सो रहे हैं। इससे पहले पांच-दस साल नहीं सोए। पिछले महीने भर से भाजपा के नेता झुग्गियों में जाकर सो रहे हैं। इनको झुग्गीवालों से प्यार नहीं है। भाजपा तो अमीरों की पार्टी हैं। इनको झुग्गीवालों से क्या लेना-देना है। ये लोग तो झुग्गीवालों को कीड़े-मकोड़े समझते हैं। इनको चुनाव में झुग्गीवालों के वोट चाहिए और चुनाव के बाद झुग्गीवालों की जमीन चाहिए।

उन्होंने कहा कि शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के कई इलाकों से झुग्गीवालों को बुलाया था। वहां अमित शाह ने चुन-चुन कर मुझे गालियां दीं। अमित शाह देश के गृहमंत्री हैं और गृहमंत्री के पद की एक गरिमा होती है। एक गृहमंत्री जो शब्द इस्तेमाल करता है, उसकी मर्यादा रहनी चाहिए। हमें गृहमंत्री अमित शाह से कोई द्वेष नहीं है, वह जो कहना चाहें, कहें। मैं राजनीति में अपने मान-सम्मान के लिए नहीं आया। मैं राजनीति में जनता और देश के मान सम्मान के लिए आया हूं।

आप नेता ने कहा कि शाह का कहना है कि वह जहां झुग्गी-वहां मकान देंगे। हम भी मानते हैं कि जहां झुग्गी वहां मकान होना चाहिए लेकिन यहां भाजपा वाले यह नहीं बता रहे हैं कि किसका मकान? जहां झुग्गी वहां इनके दोस्त का मकान, जहां झुग्गी वहां बिल्डरों के मकान। ये लोग जहां झुग्गी वहां झुग्गीवालों के मकान नहीं कह रहे हैं, बल्कि ये कह रहे हैं कि जहां झुग्गी वहां इनके दोस्त का मकान। पूरी दुनिया जानती है कि इनका एक ही दोस्त है। भाजपा की झुग्गीवालों की जमीनों पर नजर है और इन जमीनों को अपने दोस्त को देना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आए हुए 11 साल हो गए। इन 11 सालों में इन्होंने झुग्गीवालों के लिए केवल 4700 मकान बनाए हैं। इनमें तीन हजार मकान कालकाजी में बनाया और 1700 मकान अशोक विहार में बनाए हैं। दिल्ली में चार लाख झुग्गियां हैं। अगर इन्होंने 10 साल में मात्र 4700 मकान बनाए हैं, तो दिल्ली के हर झुग्गीवाले को मकान देने में एक हजार साल लगेंगे। इनको कुल चार लाख मकान बनाने हैं। ये लोग झूठ बोल रहे हैं। इनको मकान नहीं बनाने हैं। इन लोगों ने पूरी प्लानिंग कर रखी है। ये लोग अगले पांच साल में दिल्ली के एक-एक झुग्गी को तोड़कर लोगों को बेघर कर देंगे, उनको सड़क पर ले आएंगे।

केजरीवाल ने शाह को चुनौती देते हुए कहा कि पिछले 10 साल में आपने जितने झुग्गी वालों को बेघर किया है, वे सारे मामले अदालत में हैं, उन सारे मामलों को अगले 24 घंटे में वापस ले लें। दिल्ली के जितने झुग्गी वालों के खिलाफ आपने केस कर रखे हैं, उन्हें वापस ले लें। उन्होंने कहा कि शाह ने जिन-जिन लोगों को उजाड़ा था, उन सभी को वापस उसी जमीन पर लाकर बसा दें तो वह ( केजरीवाल) चुनाव नहीं लड़ेंगे।  उन्होंने कहा कि मैं एक आम आदमी हूं। मैं इन्हीं लोगों की वजह से राजनीति में आया था। अगर मेरी वजह से इन लोगों की जान और घर बच जाते हैं तो मेरा चुनाव से क्या लेना-देना है। आप इनके मकान बनाकर दिखाओ मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। अगर ये ऐसा नहीं करते हैं तो मैं चुनाव लड़ूंगा और मैं इनके लिए ढाल बनकर खड़ा रहूंगा। मैं देखता हूं कि भाजपा वाले इनकी झुग्गियां कैसे तोड़ते हैं। (वार्ता)

Delhi homeslider

सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: SC/ST कब्जे का नियमितीकरण संभव

लेकिन कोई सामान्य छूट नहीं लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय में स्पष्ट किया है कि कुछ विशिष्ट परिस्थितियों में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय के लोगों द्वारा निजी भूमि पर किया गया कब्जा कानून के तहत नियमित किया जा सकता है। हालांकि अदालत ने यह भी साफ कर दिया कि […]

Read More
Delhi homeslider National

मौसम अपडेट: अब सताएगी गर्मी, कई सूबे में तेजी से बढ़त का अनुमान

पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट नया लुक ब्यूरो नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पांच राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश की गतिविधियों से कुछ क्षेत्रों में तापमान में […]

Read More
Delhi homeslider National

दिल्ली से बड़ी खबर: JNU में पुलिस-छात्रों के बीच झड़प, 25 पुलिसकर्मी घायल

JNU ‘लांग मार्च’ पर टकराव: गेट पर रोके जाने के बाद पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की नया लुक ब्यूरो देश की राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) एक बार फिर सुर्खियों में है। कैंपस में हुई झड़प के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोक-झोंक हिंसक रूप ले बैठी। हालात इतने बिगड़ गए कि लाठियां […]

Read More