उमेश तिवारी
नौतनवा/महराजगंज। नेपाल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। पूरे विश्व के पर्यटक एक बार यहां घूमना चाहते हैं, वही नेपाली पर्यटकों को थाईलैंड की आबोहवा लुभा रही है। थाईलैंड और नेपाल में पर्यटन व्यापार घाटे में चल रहा है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के आंकड़ों और थाईलैंड के पर्यटन और खेल मंत्रालय के आंकड़ों की तुलना करने पर यह तथ्य सामने आया है। वर्ष 2022 में 10 महीनों के दौरान 10,350 नेपाली नेपाल से थाईलैंड गए हैं। हाल ही में, यह पाया गया है कि थाईलैंड पर्यटन के लिए नेपाल के लोगों में ज्यादा रूचि है। हालांकि, थाईलैंड से महज 4,339 पर्यटक ही नेपाल घूमने आए हैं।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच महीने से नेपाल से थाईलैंड जाने वाले नेपालियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। ट्रैकिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ नेपाल (TAN) के महासचिव विनोद सापकोटा के अनुसार थाईलैंड अन्य देशों की अपेक्षाकृत सस्ता देश है। नेपाल और थाईलैंड के बीच बढ़े हवाई नेटवर्क के कारण नेपाल से थाईलैंड जाने वालों की संख्या भी बढ़ी है। नेपाली लोगों की एक बड़ी संख्या है, जो मनोरंजन के लिए अपनी छुट्टियां बिताने के लिए थाईलैंड को चुनते हैं। बेलहिया टूर एंड ट्रेवल के मालिक श्रीचंद गुप्ता ने कहा कि कैसिनो, मनोरंजन और सस्ते होटल के कारण नेपाली नागरिक थाईलैंड जा रहे हैं।