अपने हितों के प्रति जागरूक हो रहे पत्रकार,अजय
महराजगंज। जिले में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का गठन किया गया है जिसके अध्यक्ष राजेश जायसवाल को चुना गया। राजेश जायसवाल ने संगठन का विस्तार करते हुए अन्य पदाधिकारियों का चयन किया। बुधवार को जिला मुख्यालय के आडीटोरियम में पत्रकार यूनियन के पदाधिकारियों को वरिष्ठ पत्रकार व स्तंभकार यशोदा श्रीवास्तव ने शपथ दिलाई। पत्रकारों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में निडर वह निष्पक्ष पत्रकारिता की शपथ ली। यूनियन में अध्यक्ष राजेश जायसवाल के अलावा उपाध्यक्ष पद के लिए गुड्डू जायसवाल,प्रवीण पाण्डेय, महामंत्री विवेक जायसवाल, सचिव रामकिशुन,विनय पांडेय, कोषाध्यक्ष रतन गुप्ता चुने गए। कार्यकारिणी में कुलानन्द,प्रवीण साहनी,अनिल गुप्ता, धर्मेंद्र चौधरी चुने गए। अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने कहा कि यह संगठन पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कहा कि यद्यपि कि जिले में और भी पत्रकार संगठन है लेकिन मेरे नेतृत्व का यह संगठन किसी दूसरे संगठन का प्रतिद्वंद्वी नहीं होगा बल्कि अन्य संगठनों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से पत्रकार हितों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिवद्ध है। जिले में एक और पत्रकार संगठन के उदय से जिले भर के पत्रकारों में खुशी है। जनर्लिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा पत्रकार संगठनों के गठन से यह साबित होता है कि पत्रकार अपने हितों के प्रति जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितने भी पत्रकार संगठन होंगे, पत्रकारों की लड़ाई उतनी ही आसान होगी। उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।